‘सुविधा के अनुसार रंग बदलना...’, महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष का कांग्रेस पर निशाना
महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधा है.

महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पार्टी पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार अपना रुख बदलने का आरोप लगाया है. चव्हाण ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता में दिए गए भाषण को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए.
रविंद्र चव्हाण ने अपनी पोस्ट में कहा कि सुविधा के अनुसार रंग बदलना ही कांग्रेस की राजनीति है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में लंबे समय तक कांग्रेस का मुख्यमंत्री नहीं बन सका, वहां कांग्रेस के सहयोगी दलों की सरकारें रही हैं.
रविंद्र चव्हाण ने कसा तंज
चव्हाण ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वोट चोरी का आरोप लगाने वाले नेता इन परिस्थितियों पर कुछ नहीं बोलेंगे. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इसे ही कहते हैं उल्टा चोर कोतवाल को डांटे!”
अमित शाह ने कांग्रेस की चुनावी हार पर उठाए सवाल
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाए थे. उन्होंने विभिन्न राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कई राज्यों में लंबे समय से कांग्रेस का मुख्यमंत्री नहीं बना है. अमित शाह ने कांग्रेस को चुनावी हार से सबक लेने और आत्ममंथन करने की सलाह दी.
राहुल गांधी के नेतृत्व और INDIA गठबंधन पर टिप्पणी
अमित शाह ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए. उन्होंने विपक्षी गठबंधन INDIA की एकजुटता पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में गठबंधन फिर से बिखरने लगा है. अमित शाह के इसी बयान को साझा करते हुए रविंद्र चव्हाण ने कांग्रेस पर हमला बोला. बीजेपी नेताओं के इन बयानों से कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
अखिलेश से बनी, अब उद्धव से बिगड़ी! शिवसेना UBT से क्यों नाराज हुई कांग्रेस?






















