उद्धव ठाकरे नहीं लड़ेंगे MLC का चुनाव, शिवसेना UBT ने इन्हें दिया टिकट
Maharashtra MLC Election: महाराष्ट्र में विधान परिषद की 9 सीट पर नियमित और एक सीट पर उपचुनाव होने हैं. MLC चुनाव के लिए 12 मई को वोटिंग होगी.

शिवसेना यूबीटी के चीफ उद्धव ठाकरे एमएलसी का चुनाव नहीं लड़ेंगे. पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ऐलान किया कि अंबादास दानवे महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार होंगे. गुरुवार (30 अप्रैल) सुबह 11 बजे वो नामांकन दाखिल करेंगे. महाराष्ट्र में विधान परिषद की 9 सीट पर नियमित और एक सीट पर उपचुनाव होने हैं.
संजय राउत ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, ''अंबादास दानवे विधानसभा के लिए शिवसेना यानी महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार होंगे. कल सुबह 11 बजे वे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने दानवे के नाम की घोषणा की है.''
अंबादास दानवे हे शिवसेनेचे म्हणजेच महाविकास आघाडीचे विधान परिषदेचे उमेदवार असतील
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) April 29, 2026
उद्या ११ वाजता ते उमेदवारी अर्ज दाखल करतील,
शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे यांनी दानवे यांच्या नावाची घोषणा केली pic.twitter.com/at6JXD4A0e
पहले उद्धव ठाकरे के चुनाव लड़ने की थी चर्चा
इससे पहले महाविकास अघाड़ी (MVA) की ओर से शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के विधान परिषद का चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही थी. शरद पवार गुट ने इस चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए उद्धव ठाकरे का नाम भी आगे बढ़ाया था. एनसीपी (SP) की सांसद सुप्रिया सुले ने उद्धव ठाकरे से इस चुनाव में प्रत्याशी बनने का आग्रह किया था. अब जबकि उद्धव ठाकरे ने खुद ही अंबादास दानवे के नाम पर मुहर लगा दी है. ऐसे में अब उद्धव ठाकरे के MLC चुनाव लड़ने को लेकर जारी चर्चा पर विराम लग गया है.
किस पार्टी को मिल सकती हैं कितनी सीटें?
अंदाबस दानवे का कार्यकाल कुछ महीने पहले समाप्त हो गया. इसके बाद, उद्धव ठाकरे का विधान परिषद में कार्यकाल समाप्त होने पर, सभी को यह जानने की उत्सुकता थी कि उनका स्थान कौन लेगा. विधान परिषद में चुनाव के लिए 28 वोटों का कोटा जरूरी है. विधानसभा की कुल संख्या के अनुसार, विधान परिषद में बीजेपी को 6 सीटें, शिवसेना को 2, एनसीपी को 1 और महाविकास अघाड़ी को 1 सीट मिल सकती है.
MLC चुनाव के लिए 12 मई को होगी वोटिंग
महाराष्ट्र में विधान परिषद की 10 सीटों के लिए मतदान 12 मई को होगा. इस दिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी. वहीं नतीजे भी 12 मई को ही घोषित किए जाएंगे.
महाराष्ट्र में जानलेवा पड़ रही गर्मी, हीटस्ट्रोक के 39 मामले दर्ज, 109 मौतें की गईं रिपोर्ट
























