Ujjain News: ठंड के साथ गंभीर रूप से बीमार मरीजों की संख्या भी बढ़ी, डॉक्टरों ने दी ये सलाह
Ujjain News: डॉक्टर खास तौर पर इस मौसम में बच्चे और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं और ओमिक्रोन के खतरे के बीच सतर्कता ही सबसे बड़ी दवा बताई जा रही है.

Ujjain News: ठंड बढ़ने के साथ गंभीर रूप से बीमार से मरीजों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. डॉक्टर खास तौर पर इस मौसम में बच्चे और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं और ओमिक्रोन के खतरे के बीच सतर्कता ही सबसे बड़ी दवा बताई जा रही है. उज्जैन के सरकारी अस्पताल में फिलहाल साधारण मरीजों की संख्या थोड़ी कम देखने को मिल रही है. कोरोना की नई गाइडलाइन का एलान होने के साथ सर्दी, खांसी और बुखार पीड़ितों में अचानक कमी आ गई है. लोग कोरोना पॉजिटिव निकलने के भय से सामने नहीं आ रहे हैं लेकिन खास तौर पर गंभीर रूप से बीमार मरीजों की संख्या थोड़ी बढ़ गई है.
वर्तमान समय में सतर्कता जरुरी
गवर्नमेंट डॉक्टर जितेंद्र शर्मा के मुताबिक वर्तमान समय में सतर्कता बेहद जरुरी है. ठंड का मौसम होने की वजह से बच्चे और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना चाहिए. डॉक्टर शर्मा ने बताया कि उज्जैन में अभी आनेवाले मरीज क्रिटिकल पोजीशन के हैं. ऐसी स्थिति में सावधानी ही सबसे बड़ा इलाज है. उन्होंने कहा कि ओमिक्रोन के देश भर में अलर्ट को हल्के में नहीं लेना चाहिए. उज्जैन के सरकारी अस्पताल में सामान्य तौर पर ढाई सौ ओपीडी मरीज आते हैं लेकिन फिलहाल ओपीडी में 200 मरीज आ रहे हैं, यह राहत देने वाली बात नहीं है बल्कि और भी सतर्क रहने वाली खबर है.
हार्ट पेशेंट की संख्या में बढ़ोतरी
डॉक्टर जितेंद्र शर्मा ने बताया कि ठंड के मौसम में हार्ट पेशेंट की संख्या बढ़ जाती है. बुजुर्गों को सुबह जल्दी घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए. इसके अलावा डॉक्टरों की सलाह से दवा को लगातार लेते रहना चाहिए. इस मौसम में हर साल हार्ट पेशेंट बढ़ जाते हैं लेकिन इस बार ओमिक्रोन के खतरे के बीच और भी सतर्क रहने की जरुरत है.डॉ जितेंद्र शर्मा के मुताबिक इस मौसम में खास तौर पर अधिक से अधिक गर्म पानी का सेवन करना चाहिए. बहुत जरुरी परिस्थिति में ही बुजुर्गों को सुबह और रात में घर से बाहर निकलने देना चाहिए. इसके अलावा सभी वर्गों के लोगों को भी खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए. ओमिक्रोन के खतरे के बीच बाहर का खाना नजरअंदाज करना चाहिए.
Omicron In World: यूके में है सबसे अधिक ओमिक्रोन का केस, दुनियाभर में अब तक 26 लोगों की हुई मौत




















