झारखंड: नवविवाहित दंपती ने की आत्महत्या, दोनों ने कंबल में लिपटकर लगाई आग
झारखंड के लोहरदगा जिले में नवविवाहित दंपती ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर एक ही कंबल ओढ़ा और पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर ली. पुलिस को मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठाया का संदेह है.

झारखंड के लोहरदगा जिले में नवविवाहित दंपती ने कथित तौर पर आत्मदाह कर लिया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार को भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी गांव में हुई. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अजित उरांव (25) और बाल्मिकी उरांव (20) के रूप में हुई है.
भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि दंपती ने करीब 8 बजे कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. इसके बाद पति-पत्नी ने एक ही कंबल ओढ़ा और पेट्रोल डालकर आग लगा ली. उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने कमरे से आग की लपटें उठती देखीं और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. परिजनों ने हादसे को देखते हुए तुरंत 10 एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों को भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
गिरिडीह: ट्रेलर में फंसी कार को 6km तक घसीटता रहा चालक, एक की मौत; दो घायल
मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठाया का संदेह
अधिकारी ने बताया कि दंपती गंभीर रूप से झुलस गए थे और उन्हें भंडरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से झुलसे अजित ने दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि उसकी पत्नी को गंभीर हालत में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पत्नी ने भी दम तोड़ दिया.
पुलिस को संदेह है कि मानसिक तनाव के कारण दोनों ने यह कदम उठाया होगा. थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच जारी है. ग्रामीणों के अनुसार परिवार में किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं था, लेकिन अजित अक्सर अकेला रहता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया. मगर अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है. पुलिस ने घटनास्थल का निरिक्षण कर, परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.
सरायकेलाः NGT की रोक को ठेंगा? CM सोरेन के ननिहाल में बालू का अवैध परिवहन, 6 हाईवा जब्त






















