बीजेपी के नए अध्यक्ष को लेकर अभिषेक मनु सिंघवी ने की बड़ी भविष्यवाणी, लिया इस बड़े नेता का नाम
बीजेपी का अगला अध्यक्ष कौन होगा? इसको लेकर अटकलें जारी है. इस बीच कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने बड़ी भविष्यवाणी की है. उन्होंने इस पद के लिए मनोहर लाल खट्टर का नाम लिया है.

BJP President News: बीजेपी जल्द ही अपने नए अध्यक्ष का ऐलान कर सकती है. नया चेहरा जेपी नड्डा की जगह लेगा. इस बीच वरिष्ठ वकील और कांग्रेस के नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने बीजेपी के नए चेहरे को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है.
उन्होंने कहा, ''अगले बीजेपी अध्यक्ष के लिए चर्चा में चल रहे नामों में से, मैंने दो महीने से भी ज़्यादा पहले भविष्यवाणी की थी कि यह हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर होंगे. वो पीएम के सबसे करीबी विश्वासपात्र हैं.''
Of the reported names doing the rounds for the next #BJP President, I have predicted more than two months ago that it wl be #Khattar ex #CM #Haryana, the closest confidante of the #PM. Not stated by me now but months ago. Let us see if I am wrong.
— Abhishek Singhvi (@DrAMSinghvi) June 6, 2025
सिंघवी ने कहा, ''मैंने यह बात अभी नहीं कही है, बल्कि कई महीने पहले कही थी. देखते हैं कि मैं गलत हूं या नहीं.''
मनोहर लाल खट्टर करीब 9 साल तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे. पिछले साल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. वो फिर लोकसभा के चुनाव लड़े और मोदी सरकार में मंत्री बने. अब सिंघवी के दावों के बाद देखना दिलचस्प होगा कि खट्टर बीजेपी के अध्यक्ष की कमान संभालते हैं या मंत्री बने रहते हैं.
जून के आखिरी में हो सकता है ऐलान
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बीजेपी जून महीने के आखिरी में नए अध्यक्ष का ऐलान करेगी. इस समय संगठन के भीतर चयन को लेकर प्रक्रिया चल रही है.
जेपी नड्डा साल 2020 के शुरुआत में बीजेपी के अध्यक्ष बने थे. उनका कार्यकाल साल 2023 में लोकसभा चुनााव तक बढ़ाया गया. इसके बाद नई सरकार में वो केंद्रीय मंत्री बने. तभी से बीजेपी नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया में जुटी है.























