क्या RJD प्रमुख लालू यादव को मिलेगी बेल? जमानत याचिका पर HC में सुनवाई आज
बीते हफ्ते अचानक आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एम्स में शिफ्ट कर दिया गया है.

रांची: बिहार में साढ़े नौ सौ करोड़ रुपये के चारा घोटाले के मामले में सजा काट रहे आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी. लालू के वकील ने बताया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को अगर जमानत मिल जाती है तो वह देर शाम रिहा हो सकते हैं.
झारखंड हाई कोर्ट में जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ में लालू प्रसाद की दुमका कोषागार से गबन के मामले में जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगी. लालू के वकील देवर्षि मंडल ने उम्मीद जतायी कि जेल में बंद पूर्व केंद्रीय मंत्री को जमानत मिल सकती है. वकील ने बताया कि लालू को तीन अन्य मामलों में पहले ही जमानत मिल चुकी है.
दिल्ली एम्स में चल रहा है लालू यादव का इलाज
गौरतलब है कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे हैं. इस दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था. लेकिन, बीते हफ्ते अचानक लालू यादव की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एम्स शिफ्ट कर दिया गया.
यह भी पढ़ें-
सड़क हादसे में पत्रकार समेत दो की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-सासाराम स्टेट हाइवे पर की आगजनी
Source: IOCL
























