PM मोदी, शाह और CEC पर बरसे तेजस्वी यादव, बोले- 'जंतर-मंतर…'
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने कठपुतली की तरह काम किया है. देश की जनता के सामने मामला उजागर हो गया है. पढ़िए उन्होंने और क्या कुछ कहा है.

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव इंडिया गठबंधन के मार्च में बीते सोमवार को शामिल हुए थे. आज (मंगलवार) राहुल गांधी के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेता चाय पर चर्चा में शामिल हुए उसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई जिसमें तेजस्वी यादव ने भी अपनी बात रखी. तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया है.
सरकार के 'डर' को बताते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जंतर-मंतर जहां प्रोटेस्ट होना चाहिए था, होता रहा है, जिसका एतिहासिक महत्व है, उसको बदलकर दिल्ली के बॉर्डर पर कर दिया गया है. ये इनका डर दिखाता है.
'जो कुर्बानी देनी होगी हम सभी देंगे'
आरजेडी नेता ने कहा कि हम सभी लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हैं. इसके लिए जो कुर्बानी देनी होगी हम सभी देंगे. उन्होंने कहा, "यह गांधी जी, लोहिया जी, भगत सिंह का देश है. ये लोग इस देश की संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक करने का प्रयास कर रहे हैं. ज्ञानेश कुमार ने कठपुतली की तरह काम किया है… सजा जरूर मिलेगी. ये लोग बचने वाले लोग नहीं हैं. ये डरे हुए लोग हैं…"
#WATCH दिल्ली: RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया है। हम सभी लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हैं। इसके लिए जो कुर्बानी देनी होगी हम सभी देंगे। यह गांधी जी, लोहिया जी, भगत सिंह का देश है। ये लोग इस देश की संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक करने का प्रयास कर रहे हैं... ये डरे हुए लोग हैं... हम सभी लोग आगे इस लड़ाई को जारी रखेंगे..."
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 13, 2026
तेजस्वी ने कहा कि हम सभी लोग आगे इस लड़ाई को जारी रखेंगे और जीतेंगे. जिन लोगों ने षड्यंत्र किया है, फर्जी चुनाव कराया है, देश की जनता के सामने मामला उजागर हो गया है. हर एक व्यक्ति इनसे हिसाब मांग रहा है. इनको जवाब देना होगा. इन पर कार्रवाई जरूर होगी. हम सब लोग लोकतंत्र और संविधान को बचाने में जरूर कामयाब होंगे.
यह भी पढ़ें- 'ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद', पटना में AISA का भारी प्रदर्शन, बैरिकेड को तोड़ा
उधर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "वोट चोरी का मुद्दा इस देश के लिए महत्वपूर्ण है. हम इसके लिए लड़ाई लड़ रहे हैं. राहुल गांधी ने पहले ही कहा था कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होगा तो वह हुआ और अब यह (ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा) भी होगा."
सत्ता नहीं मिलने वाली: बीजेपी
बीजेपी नेता और बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने विपक्ष पर हमला किया है. उन्होंने कहा, "मुख्य चुनाव आयुक्त संवैधानिक पद है. किसी के कहने से कोई इस्तीफा नहीं देने वाला है… संवैधानिक पद पर रहने वाले लोगों का सभी को सम्मान करना चाहिए… विपक्ष अपने समय में चुनाव आयोग का इस्तेमाल किया करता था, लेकिन हमारी पार्टी और सरकार इस तरह का भाव नहीं रखती है. सभी संस्थाएं पवित्र ढंग से अपना काम करती हैं. चुनाव बिलकुल निष्पक्ष हुआ है… उन्हें(विपक्ष को) सत्ता नहीं मिलने वाली है चाहे वो कितना भी संघर्ष कर लें..."
यह भी पढ़ें- CEC विवाद: गिरिराज सिंह का बड़ा हमला, 'राहुल गांधी मान चुके हैं कि…'






















