'स्कूलों में रामचरितमानस अनिवार्य हो', धीरेंद्र शास्त्री की इस मांग पर BJP क्या बोली?
मंत्री प्रमोद कुमार ने स्कूलों में रामचरितमानस की पढ़ाई अनिवार्य करने की धीरेंद्र शास्त्री की मांग का समर्थन किया. साथ ही, बिहार MLC चुनाव को लेकर दावा किया कि सभी आठ सीटों पर NDA की जीत होगी.

बिहार सरकार में बीजेपी कोटे से मंत्री प्रमोद कुमार ने स्कूलों में रामचरितमानस का अध्ययन अनिवार्य करने की मांग का समर्थन किया है. यह मांग बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने की थी. मंगलवार (27 अक्टूबर, 2026) को मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि रामचरितमानस को केवल धार्मिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए. इसमें जीवन जीने, परिवार में प्रेम बनाए रखने और रिश्तों को मजबूत करने की सीख मिलती है.
मंत्री ने बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि NDA सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेगा. उन्हें सरकार के कामकाज और मतदाताओं के समर्थन पर पूरा भरोसा है.
यह भी पढ़ें- गोपालगंज: बिना नियुक्ति टीचर के खाते में पहुंचे 17.49 लाख, शिक्षा विभाग में हड़कंप
धीरेंद्र शास्त्री ने स्कूलों में पढ़ाई अनिवार्य करने की मांग की
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मांग की है कि स्कूलों में रामचरितमानस का अध्ययन अनिवार्य किया जाए. उनका कहना है कि रामचरितमानस से बच्चों को अच्छे संस्कार और जीवन जीने की सीख मिल सकती है. इस मांग पर बिहार के मंत्री प्रमोद कुमार ने भी समर्थन जताया.
प्रमोद कुमार बोले- रामचरितमानस की शिक्षा सबको मिलनी चाहिए
प्रमोद कुमार ने कहा, "कौन बहुत बड़ी गलत बात बोल दिए वो? मैं तो सबको कहता हूं, खुद कहता हूं कि रामचरितमानस को आप धार्मिक दृष्टिकोण से मत देखिए. एक मनुष्य को जीवन में कैसे जीना है, उसके लिए आप देखिए. आपका परिवार सुखी कैसे रहे, भाई-भाई के बीच में प्रेम कैसा हो, यह तो सबको सीखना अनिवार्य होना चाहिए. रामचरितमानस की हर बच्चे को शिक्षा देनी चाहिए."
पटना, बिहार: मंत्री प्रमोद कुमार ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के स्कूलों में रामचरितमानस का अध्ययन अनिवार्य करने की मांग पर कहा, "कौन बहुत बड़ा गलत बात बोल दिए वो? मैं तो सबको कहता हूं, खुद कहता हूं कि 'रामचरितमानस' को आप धार्मिक दृष्टिकोण से मत देखिए। एक मनुष्य को जीवन में कैसे जीना है, उसके लिए आप देखिए। आपका परिवार सुखी कैसे रहे, भाई-भाई के बीच में प्रेम कैसा हो, यह तो सबको देखना अनिवार्य होना चाहिए... 'रामचरितमानस' की हर बच्चों को शिक्षा देनी चाहिए..."
— IANS Hindi (@IANSKhabar) October 27, 2026
MLC चुनाव में NDA की जीत का दावा
दूसरी ओर बिहार MLC चुनाव के नतीजों पर मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि परिणाम शाम तक या अगली सुबह तक आ जाएगा. उन्होंने दावा किया कि NDA की आठों सीटों पर जीत तय है. चुनाव में पढ़े-लिखे और जागरूक मतदाता वोट करते हैं. प्रमोद कुमार ने कहा कि मतदाता सरकार के कामकाज के आधार पर वोट देते हैं. उन्हें पूरा विश्वास है कि NDA को इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने दावा किया कि कोई भी NDA को सभी आठ सीट जीतने से नहीं रोक सकता.
यह भी पढ़ें- नवादा: पति के 6 टुकड़े कर फेंका था शव, अब पत्नी को मिली उम्रकैद की सजा






















