बिहार के नवादा से शराब की बड़ी खेप बरामद, चालक गिरफ्तार
Nawada Liquor Smuggling: नवादा में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से 111 लीटर विदेशी शराब बरामद की. झारखंड से पटना जा रही खेप के साथ चालक गिरफ्तार हुआ है.

बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन दूसरे राज्यों से शराब की खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. इसी कड़ी में नवादा जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 7 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है. इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है.
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की खेप लेकर एक ट्रक बिहार की सीमा में प्रवेश कर रहा है. सूचना के आधार पर टीम ने बुधौल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई. अधिकारियों के मुताबिक बरामद शराब की मात्रा करीब 111 लीटर है, जिसकी कीमत बिहार में लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है.
यह भी पढ़ें- कोकीन की लत से तड़पकर 18 साल के युवक की मौत, 40 हजार लेकर डॉक्टर फरार
40 लाख के ट्रक में छिपाकर ले जा रहा था शराब
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी के लिए करीब 40 लाख रुपये कीमत वाले ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा था. तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजर से बचने के लिए ट्रक के केबिन में शराब छिपाई थी. हालांकि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने ट्रक को पकड़ लिया और शराब की खेप बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया है.
चालक ने खोले तस्करी के रास्ते के राज
गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान बुधौल गांव निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में चालक ने बताया कि वह झारखंड से शराब लेकर पटना जा रहा था. अब उत्पाद विभाग की टीम चालक से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि शराब किसके कहने पर लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
शराबबंदी के बावजूद सक्रिय हैं तस्कर
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इसके बावजूद शराब माफिया दूसरे राज्यों से शराब लाकर यहां सप्लाई करने की कोशिश करते रहते हैं. तस्कर कभी वाहनों में गुप्त जगह बनाकर तो कभी सामान के बीच छिपाकर शराब पहुंचाने का प्रयास करते हैं. नवादा में इससे पहले भी शराब की कई खेप पकड़ी जा चुकी हैं, जिनमें शराब को पटना और अन्य जिलों तक पहुंचाने की बात सामने आई है. उत्पाद विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को धरने पर घेरा, सिख दंगों पर दागे सवाल






















