बिहार में BJP कर रही 'मैच फिक्सिंग' की तैयारी? राहुल गांधी के बयान पर JDU बोली- 'कौन सी दवा…'
Bihar Election: जेडीयू नेता नीरज कुमार ने राहुल गांधी को कहा कि जनता जानती है कि आप विपक्ष के नेता हैं. विदेश से ज्ञान लेकर आए हैं. यहां स्वदेशी ज्ञान चलता है. विदेशी विज्ञान का कोई यथार्थ नहीं है.

Bihar Politics: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बीते शुक्रवार (06 जून, 2025) को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आए थे. इस बीच राहुल गांधी ने कहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली कर बीजेपी चुनाव जीती है. राहुल गांधी ने यह आरोप एक अखबार में लिखे अपने लेख में लगाया है. राहुल गांधी का कहना है कि अब वही तैयारी बिहार चुनाव को लेकर भी है. उन्होंने कहा है कि महाराष्ट्र चुनाव मैच फिक्सिंग की तरह था. अब अगला नंबर बिहार का है. राहुल गांधी के बयान पर जेडीयू की पहली प्रतिक्रिया आई है.
शनिवार (07 जून, 2025) को एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने राहुल गांधी को कहा कि आप विपक्ष के नेता हैं. संवैधानिक पद पर हैं. संविधान की दुहाई देते हैं. सुविधा के अनुसार आप तर्क देते हैं. इसके लिए कौन सी दवा खाते हैं? महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आपके पक्ष में नहीं आए तो आप चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं. पश्चिम बंगाल में गैर भाजपा सरकार बनती है तो आप जय जय करते हैं. तेलंगाना में आपकी सरकार बनती है तो आपने चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाया. जिन राज्यों में अपनी सरकार बन जाती है वहां चुनाव आयोग पारदर्शी है.
यहां स्वदेशी ज्ञान चलता है: नीरज कुमार
नीरज कुमार ने कहा कि जनता जानती है कि आप विपक्ष के नेता हैं और विदेश से ज्ञान लेकर आए हैं. यहां स्वदेशी ज्ञान चलता है. विदेशी विज्ञान का कोई यथार्थ नहीं है. बता दें कि बिहार में इसी साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है. एनडीए का मुकाबला महागठबंधन से है. कांग्रेस महागठबंधन में है. राहुल गांधी अब तक चुनावी वर्ष में छह बार बिहार दौरे पर आ चुके हैं. बिहार चुनाव को लेकर वे काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं.
आरजेडी ने क्या कहा?
आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एबीपी न्यूज़ से कहा कि राहुल गांधी बिल्कुल ठीक कह रहे हैं. बीजेपी मैच फिक्सिंग करके चुनाव जीतती है. महाराष्ट्र में ऐसा हुआ था. 2020 के बिहार बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यही काम किया था. लोकतंत्र को कमजोर कर रही है. आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में जनता सुनामी ला रही है. तेजस्वी सरकार बना रही है.
यह भी पढ़ें- Bihar News: पति ने की पहले पत्नी की हत्या, फिर उसने भी दे दी अपनी जान, बिहार में खौफनाक कांड
























