Bihar Covid-19: बिहार में डॉक्टर समेत दो के कोविड संक्रमित होने की पुष्टि, प्रदेश का पहला मामला
Corona Case: जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि एम्स पटना के एक डॉक्टर के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. एहतियात के तौर पर लोगों से सतर्कता बरतने को कहा गया है.

Covid-19 case In Bihar: बिहार में पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एक डॉक्टर समेत दो लोगों के कोविड-19 वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि पटना में 31 वर्षीय एक व्यक्ति के कोविड से संक्रमित होने की पुष्टि हुई, जो ताजा लहर में बिहार का पहला मामला है.
सिविल सर्जन अविनाश कुमार सिंह ने दी जानकारी
पटना के सिविल सर्जन अविनाश कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हाल में पटना के एक युवक में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई, हालांकि उसने राज्य से बाहर की यात्रा नहीं की है. संक्रमण का स्तर बहुत हल्का है. संक्रमित का इलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है. मामले की बारीकी से निगरानी की जा रही है और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है.’’
जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि एम्स पटना के एक डॉक्टर के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. अधिकारियों ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों से सतर्कता बरतने को कहा गया है. उन्होंने कहा कि स्थिति को संभालने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है.
अस्पतालों में पहले से तैयारी सुनिश्चित करने का आदेश
जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘पटना के सरकारी अस्पतालों को पहले ही तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है. इसमें बिस्तर, ऑक्सीजन, दवाइयों और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल हैं.’ पिछले कुछ हफ्तों से देश भर में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं."
बता दें कि केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट का कहर देखने को मिल रहा है. देश में एक्टिव केस एक हजार के पार पहुंच गए हैं. वहीं कई अन्य राज्यों में भी कोविड-19 तेजी से बढ़ रहा है. कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में 209 मरीज हैं, राजधानी दिल्ली में भी कोविड-19 के एक्टिव केस 104 हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: पटना में फायरिंग के 2 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, सामने आया LIVE VIDEO, घूम जाएगा दिमाग

























