बिहार में बाढ़ पीड़ितों को फिर मिलेंगे 7 हजार, 12 अक्टूबर को खाते में आएंगे
बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों को दूसरे चरण में 12 अक्टूबर को 7 हजार रुपये की राहत राशि दी जाएगी. पहले चरण में 8.27 लाख परिवारों को 579.23 करोड़ रुपये डीबीटी से दिए गए थे.

बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों को दूसरे चरण में भी अनुग्रह राहत राशि देने की तैयारी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संबंधित विभागों को बाढ़ से हुई क्षति और उसके पुनर्स्थापन पर होने वाले खर्च का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट जल्द तैयार करने का निर्देश दिया है. दूसरे चरण में 12 अक्टूबर को प्रभावित परिवारों के बीच अनुग्रह राशि वितरित की जाएगी. प्रत्येक परिवार को 7 हजार रुपये की सहायता दिए जाने की बात कही गई है.
बिहार सरकार पहले चरण में बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 7 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता दे चुकी है. 15 सितंबर को 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 579.23 करोड़ रुपये भेजे गए थे. अब दूसरे चरण के प्रभावित परिवारों को भी राहत देने की तैयारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- चिराग पासवान के विधायक पर FIR, 3% कमिशन मांगा, RJD बोली- 'माल-पानी…'
छह जिलों के 466 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में
राज्य में बाढ़ का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. करीब छह जिलों के 466 गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं. करीब 8 लाख लोग अब तक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. सरकार तत्काल राहत और बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली पर भी फोकस कर रही है.
विभागवार नुकसान और पुनर्स्थापन का होगा आकलन
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को बाढ़ से हुई क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है. विभागवार नुकसान और पुनर्स्थापन में आने वाले खर्च का ब्योरा तैयार किया जाएगा. इसके आधार पर सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, पुल-पुलियों समेत अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे की बहाली और पुनर्वास की दिशा में आगे की कार्रवाई करेगी.
दो चरणों में आई बाढ़, आज 18 जिलों में बारिश का अलर्ट
इस साल बिहार में बाढ़ दो चरणों में आई. पहले चरण में गंगा, सोन, घाघरा, कोसी और पुनपुन नदियों में कई जगह पुराने रिकॉर्ड से अधिक जलस्तर दर्ज किया गया. दूसरे चरण में भारी बारिश के कारण गंडक नदी में चार स्थानों पर रिकॉर्ड जलस्तर दर्ज हुआ. वहीं, राज्य में बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है.
मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में कुछ जगहों पर मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है.
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: 8 सीटों के लिए 164 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा, 23 अक्टूबर को मतदान




















