कोहली को बोलिंग कराना चाहते हैं शोएब अख्तर, IPL के यादगार पल किए शेयर
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को गेंदबाजी करने की इच्छा जाहिर की है.उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ से तुलना करने पर भारतीय रन मशीन कहे जाने वाले विराट कोहली को सर्वश्रेष्ठ बताया.

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने रविवार को एक लाइव चैट के दौरान अपने फैंस से खेल जगत से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली को गेंदबाजी कराने की अपनी इच्छा जाहिर की. आईपीएल का जिक्र किया. इमरान खान से लेकर शाहरुख खान तक को याद किया. इन सबके उन्होंने अलावा भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज की वकालत भी की.
शोएब अख्तर ने अपनी चाहत का इजहार करते हुए कहा कि वह विराट कोहली को गेंदबाजी कराना चाहते हैं. लेकिन शायद अब ये मुश्किल है. क्योंकि शोएब क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. वहीं कोहली अपनी शानदार बल्लेबाजी से दुनियाभर में लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं.
शोएब ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ से तुलना करने पर भारतीय रन मशीन कहे जाने वाले विराट कोहली को सर्वश्रेष्ठ बताया.
जब शोएब पर कूद पड़े शाहरुख
शोएब ने आईपीएल के उस दौर का भी जिक्र किया, जब वो शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में खेला करते थे. शोएब ने केकेआर को इंडियन प्रीमियर लीग की सर्वश्रेष्ठ टीम बताया. लाइव चैट के दौरान उन्होंने कहा, "आईपीएल के एक मैच में जब कोलकाता की टीम ने जीत हासिल की थी. तब टीम के कोओनर शाहरुख बहुत खुश थे. खुशी में जश्न मनाते समय वो मुझ पर कूद ही पड़े थे. उन्होंने मुझे गले भी लगाया था."
फैंस ने जब उनके आइडल के बारे में पूछा, तो उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान का नाम लिया. शोएब ने ये भी बताया कि उनके लिए राहुल द्रविड़, जस्टिन लैंगर और रिकी पॉन्टिंग को गेंदबाजी करना हमेशा ही चुनौतीपूर्ण रहा है.
पढ़ें-
एमएस धोनी और रोहित शर्मा संयुक्त रूप से चुने गए IPL के बेस्ट कप्तान, डिविलियर्स सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
















