वेस्टइंडीज़ के स्टार ड्वेन स्मिथ ने किया संन्यास का ऐलान


नई दिल्ली/दुबई: तूफानी बल्लेबाज़ी के लिए माहिर वेस्टइंडीज़ के स्टार ऑल-राउंडर ड्वेन स्मिथ ने बुधवार को अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का बड़ा ऐलान किया. वेस्टइंडीज़ वनडे टीम के लिए आखिरी बार साल 2015 विश्वकप में खेले थे. जबकि टेस्ट में तो वो आखिरी बार साल 2006 में टीम के साथ नज़र आए थे.
ड्वेन दुबई में पाकिस्तान सुपर लीग की इस्लामाबाद यूनाइटेड टीम का हिस्सा हैं और बीते दिन सेमीफाइनल में जीत के बाद उन्होंने ये बड़ा ऐलान कर दिया.
वेस्टइंडीज़ टीम के लिए टेस्ट में शतक के साथ अपने करियर की शुरूआत करने वाले ड्वेन उसके बाद अपने 10 टेस्टों के छोटे से करियर में कोई भी छाप छोड़ने में नाकामयाब रहे. हालांकि इसके अलावा वो टी20 के बॉस बने रहे और टी20 क्रिकेट में अपनी उपयोगिता साबित करते रहे.
ड्वेन ने वेस्टइंडीज़ के लिए 105 वनडे मुकाबले और 33 टी20 मैच खेलें, जिनमें उन्होंने कुल 2142 रन बनाए.
हालांकि स्मिथ तमाम देशों में खेले जानें वाले डॉमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट्स में खेलते रहेंगे.
ड्वेन स्मिथ आईपीएल में भी अपना जलवा दिखा चुके हैं. मौजूदा सत्र में में सुरेश रैना की कप्तानी वाली गुजरात लायंस टीम का हिस्सा हैं. इससे पहले वो मुंबई इंडियंस टीम के साथ भी जुड़े रहे हैं. आईपीएल में खेले कुल 64 मुकाबलों में उन्होंने 1864 रनों के साथ 17 विकेट भी चटकाए हैं.
Source: IOCL


















