श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले पूरे जोश में दिखे गौतम गंभीर, टीम इंडिया को दिया ये मैसेज
Gautam Gambhir Message Team India: भारत और श्रीलंका की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू होने वाली है. उससे पहले कोच गौतम गंभीर ने भारतीय टीम को संदेश दिया है.

भारतीय टेस्ट टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है. 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने वाला है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है, कोच गौतम गंभीर भी यह बात अच्छे से समझते हैं. सीरीज शुरू होने से पहले उन्होंने भारतीय टीम को खास संदेश दिया है.
हेड कोच गंभीर ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की. बताते चलें कि इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे होंगे, जो घुटने की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह स्क्वाड में जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी को मौका मिला है. वहीं 33 वर्षीय सारांश जैन भी अपने इंटरनेशनल डेब्यू के इंतजार में होंगे.
गौतम गंभीर का टीम इंडिया को संदेश
श्रीलंका सीरीज की चुनौती से पहले कोच गंभीर ने कहा, "हमें पता है कि हमारे सामने क्या चुनौती है और हम किस उद्देश्य से खेल रहे हैं. हम ज्यादा मेहनत कर सकते हैं और इस तरह अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं."
गंभीर ने भारतीय खिलाड़ियों के सामने अपनी मंशा साफ कर दी है कि आने वाली 15 तारीख को भारत चाहे पहले बल्लेबाजी करे या गेंदबाजी, खिलाड़ियों के पास उस प्रत्येक सवाल का जवाब हो, जो उनसे मैदान पर खेल के दौरान चुनौती के रूप में पूछा जाएगा. गंभीर ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि टीम को सब क्षेत्रों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है और पूरी जान लगा देनी है.
हर हाल में जीत जरूरी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की बात करें तो टीम इंडिया का हाल अच्छा नहीं है. टेबल में भारत अभी पांचवें स्थान पर है. पिछले साल नवंबर में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 से हार झेलनी पड़ी थी. उस हार से भारत की WTC फाइनल खेलने की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा था.
उसके बाद टीम इंडिया ने जून में अफगानिस्तान को टेस्ट मैच में हराया, लेकिन वह मुकाबला WTC 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं था. अगले साल होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले भारत को श्रीलंका, फिर न्यूजीलैंड और अगले साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज खेलनी है.
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, ध्रुव जूरेल, रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, आकिब नबी
यह भी पढ़ें:
WTC की ताजा रैंकिंग में पाकिस्तान को फायदा, टीम इंडिया से अब भी पीछे



















