चीन ने वुहान शहर के लॉकडाउन में दी ढील, यहीं से फैलना शुरू हुआ था Coronavirus
वुहान के लोग 23 जनवरी से लॉकडाउन का सामना कर रहे थे. लोग काम पर जा सकेंगे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी शुरू हो जाएंगे.

बीजिंग: दुनिया भर में मचे कोहराम के बीच चीन ने दावा किया है कि देश में कोरोना क़ाबू में है. इतना ही नहीं चीन ने वुहान शहर में लगाए गए कड़े प्रतिबंधों में ढील भी दे दी है. ग़ौरतलब है कि चीन के वुहान शहर से ही यह जानलेवा वायरस सबसे पहले पाया गया था. अब तक कोरोना के कारण दुनिया भर में 15 हज़ार से ज़्यादा मौत हो गई हैं. वहीं 3 लाख से अधिक लोग कोरोना की चपेट में हैं.
23 जनवरी से लॉकडाउन में हैं वुहान के लोग
सोमवार को लगातार पांचवें दिन कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने न आने के बाद अधिकारियों ने वुहान में प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी. देश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि कोरोना वायरस का कोई नया घरेलू मामला सामने नहीं आया है. लेकिन बाहर से आए 39 लोगों में संक्रमण के मामले सामने आए हैं. सरकार वायरस के पुन: प्रसार को रोकने के लिए विदेशों से आने वाले लोगों को सख्ती से अलग-थलग रखने के लिए कदम उठा रही है.
नौ मौतों के साथ चीन में मौत का आंकड़ा हुआ 3,270
चीन में कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की कुल संख्या रविवार को 81,093 हो गई. इस बीच, विषाणु की रोकथाम के लिए 23 जनवरी से समन्वय कार्य देख रहे सेंट्रल लीडिंग ग्रुप (सीएलपी) ने कहा कि देश और वुहान में वायरस पर काबू पा लिया गया है. आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘बैठक में उल्लेख किया गया कि राष्ट्रव्यापी स्तर पर, खासकर वुहान में वायरस पर प्रभावी ढंग से काबू पा लिया गया है.’’ वुहान में अधिकारियों ने कहा कि लोगों को काम पर वापस जाने की अनुमति है . सार्वजनिक परिवहन पर प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील दी जा रही है.
चीन के बाद दुनिया में सबसे बुरा हाल इटली का है. इटली में तो चीन से अधिक मौते इस जानलेवा वायरस के कारण हो गई हैं. इटली में मौत का आंकड़ा 5 हजार के पार जा चुका है. अब तक यहां 5476 लोगों की मौत हो चुकी है.
यहां पढ़ें
Coronavirus: केंद्र और राज्य सरकारों ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, लक्षण दिखें तो कर सकते हैं कॉल
Coronavirus: दिल्ली समेत इन राज्यों में लागू किया गया कर्फ्यू, जानिए कैसा है देश का हाल
Source: IOCL























