ईरान पर फिलहाल हमले का प्लान नहीं, ट्रंप बोले- 'हमें वह सब मिल रहा है जो हम...'
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की फिलहाल ईरान पर हमले की तत्काल योजना नहीं है. उन्होंने रूस-यूक्रेन शांति समझौते की संभावना भी जताई, लेकिन यूक्रेनी वार्ताकार सहमत नहीं दिखे.

अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला करने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल हम ईरान पर किसी तरह के अटैक करने की तत्काल योजना पर काम नहीं कर रहे हैं. हालांकि, इससे पहले इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हफ्ते ईरान पर हमला करने के संकेत दिए थे.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ मौजूदा स्थिति को शानदार बताया है. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि हम हमला करने के लिए पूरी तरह से तैयार थे, लेकिन अब मुझे लगता है कि हमें कुछ ऐसी कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है. ईरान पर बयान देते हुए ट्रंप ने कहा कि हमें वह सब कुछ मिल रहा है जो हम चाहते हैं.
रूस-यूक्रेन शांति वार्ता पर बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बारे में भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर पहुंचने के लिए तैयार हैं. उन्होंने फाइनेंशियल टाइम्स से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि वे दोनों जल्द ही शायद ऐसा बोलेंगे कि चलो एक डील करें. ट्रंप पहले भी कई बारे रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बयान दे चुके हैं. उन्होंने इस मसले पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बैठक की थी. हालांकि, कोई हल नहीं निकल पाया था.
केशम द्वीप पर हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले बयान दिया था कि वे मिडटर्म इलेक्शन के बाद ईरान पर जोरदार हमला करने वाले हैं. इस दौरान उनकी सेना ने केशम द्वीप पर भी हमला किया था. ये हमला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नजदीक हुआ था और इलेक्शन के महज 1 दिन पहले. हालांकि, अब ट्रंप खुद इस को स्वीकार कर रहे हैं कि वे ईरान पर फिलहाल हमला करने के बारे में नहीं सोच रहे थे. इस बीच उन्होंने इजरायल को भेजे जाने वाली मदद को भी रोकने का ऐलान किया है.






















