गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार रुपए का ईनामी बदमाश, दर्ज थे कई संगीन मामले
गोरखपुर के एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि कैम्पियरगंज इलाके के राजपुर जंगल में ये मुठभेड़ हुई है. उन्होंने बताया कि गोरखपुर के बड़हलगंज का रहने वाला बदमाश राजन तिवारी 10 माह से फरार चल रहा था.

गोरखपुर:गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 25 हजार रुपए के ईनामी बदमाश को जंगल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. बदमाश ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग की. उसके बाद आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. बदमाश के पैर में गोली लगी है. वहीं एक सिपाही भी चोटिल हुआ है. गोरखपुर के एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि कैम्पियरगंज इलाके के राजपुर जंगल में ये मुठभेड़ हुई है. उन्होंने बताया कि मूलतः गोरखपुर के बड़हलगंज का रहने वाला बदमाश राजन तिवारी 10 माह से फरार चल रहा था. इसके ऊपर 25 हजार रपुए का ईनाम घोषित किया गया है. पिछले साल बड़हलगंज की घटना जिसमें एक युवक को गोली मारी गई. उसके बाद 20 मई को पिता-पुत्र पर फायरिंग के मामले में पुलिस को इसकी तलाश थी. इसके अलावा इसपर कई संगीन मामले दर्ज थे.
शलभ माथुर ने बताया कि उसके बाद राजन तिवारी ने पुलिस के ऊपर भी फायर किया था. इसका एक साथी मैक्स दूबे पहले ही कोर्ट में पहले ही सरेंडर कर चुका है. उसके ऊपर भी ईनाम था. इसका एक साथी नितिन तिवारी गिरफ्तार हुआ था. आज सूचना मिलने के बाद पुलिस से इसकी मुठभेड़ हुई. इसने पुलिस पर फायर कर दिया. क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने जबावी फायर किया जिसमें इसके पैर में गोली लगी है.
बदमाश के पास से एक कट्टा, तीन कारतूस और खोखा बरामद किया गया है. सभी घटनाएं इसने अपने साथियों के साथ मिलकर की है. इसके तीन साथी प्रकाश में आए थे. दो साथी जेल जा चुके हैं. मुठभेड़ में सर्विलांस में तैनात सिपाही मनोज चौरसिया चोटिल हुए हैं.























