काटे नहीं कटती गांव में बीजेपी नेताओं की रात
क्या आप घड़ी पहन कर सोते हैं? या फिर पैंट शर्ट पहने ही बिस्तर पर लेट जाते हैं? आपने शायद ही किसी को बेल्ट पहने सोते देखा होगा लेकिन बीजेपी के एमपी और एमएलए तो इस काम में एक्सपर्ट हैं.

लखनऊ: क्या आप घड़ी पहन कर सोते हैं? या फिर पैंट शर्ट पहने ही बिस्तर पर लेट जाते हैं? आपने शायद ही किसी को बेल्ट पहने सोते देखा होगा लेकिन बीजेपी के एमपी और एमएलए तो इस काम में एक्सपर्ट हैं. शायद आप मेरी बात पर यकीन ना करें. तो ये तस्वीर देख लीजिये.

एक ही चारपाई पर बीजेपी के दो विधायक लेट गए. दोनों एमएलए एटा ज़िले के हैं. पेंट शर्ट और बेल्ट पहने हुए देवेंद्र प्रताप सिंह हैं. उनके बगल में सोने का दिखावा करते हुए ममतेश शाक्य लेते हुए हैं. अपना मोबाईल उन्होंने अपने पेट पर रख लिया है. वे पटियाली से बीजेपी के विधायक हैं. बगल की चारपाई पर एटा के सांसद राजवीर सिंह सो रहे हैं. लेकिन फोटो को गौर से देखेंगे तो पता चलेगा कि वे तो मुस्कुरा रहे हैं.
ये तस्वीरें एटा जिले के पटियाली इलाके की हैं. बीजेपी के सांसद और विधायक वहाँ चौपाल लगाने गए थे. बीजेपी ने इन दिनों ग्राम स्वराज अभियान चला रखा है. यूपी के मंत्री और बीजेपी के एमपी एमएलए गाँव में रात गुजारते हैं, दलित के घर खाना खाते हैं लेकिन कुछ नेता ऐसे भी है जो ये सब बस हाजिर लगाने के लिए कर रहे हैं.
वे गाँव जाते हैं, फोटो खिंचवाते हैं, सोशल मीडिया में फेसबुक से लेकर ट्विटर पर पोस्ट कर देते हैं. अधिकतर नेता रात में गाँव में रूकते ही नहीं हैं. चारपाई पर लेट कर फोटो बनवाने के बाद नेताजी अपने घर एसी की ठंडी हवा में सोते हैं. एटा में भी कुछ ऐसा ही हुआ. सांसद और विधायकों के चारपाई पर लेटने की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं. वैसे एमएलए ममतेश शाक्य कहते हैं कि वे तो रात भर गाँव में ही रुके थे.
Source: IOCL

























