सीएम योगी ने अधिकारियों से सुबह 9 बजे तक ऑफिस पहुंचने को कहा, नहीं पहुंचने वालों पर होगी कार्रवाई
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों के अफसरों को सुबह नौ बजे तक ऑफिस पहुंचने के लिए कहा है. सीएम ऑफिस की ओर से एक ट्वीट करके इसकी जानकारी दी गई.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस समेत सभी विभागों के अफसरों को सुबह नौ बजे तक हर हाल में कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री के इस निर्देश की जानकारी, मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकृत ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट के जरिए दी गई है. उन्होंने कहा कि जो भी अफसर इसका पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ने ढीले अधिकारियों के खिलाफ सख्त तेवर अपनाया है. वह दागी अधिकारियों और कर्मचारियों की छंटनी के लिए पहले ही निर्देश दे चुके हैं. हाल ही में उन्होंने दागी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ाई भी दिखाई है.
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि दागी अफसरों व कर्मचारियों को जबरन सेवा से सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा. ऐसे अफसरों को चिह्न्ति कर उनके खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.

अपराध पर सख्त रुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा था कि अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान की जाए क्योंकि वर्दी के नाम पर कलंक बन चुके लोगों की विभाग में कोई जगह नहीं है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा,‘‘आप के आस-पास सारे संसाधन मौजूद हैं, पूरी छूट है और दावे के अनुसार आप सड़क पर ही रहते हैं तब भी अपराध की घटनाएं क्यों हो रही हैं. अपराध होने के बाद भी आपकी कार्रवाई क्यों नहीं दिखती. किसी घटना का जब मीडिया ट्रायल शुरू हो जाता है, उसके बाद ही आपकी कार्रवाई क्यों दिखती है.’’
Source: IOCL


























