इलाहाबाद: शादी से इंकार करने पर छात्रा को प्रेमी की मां ने उतारा मौत के घाट

इलाहाबाद: इलाहाबाद में शादी से इंकार करने पर बारहवीं क्लास की छात्रा को तीन मंज़िला इमारत से नीचे फेंककर मौत के घाट उतारे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि छात्रा का क़त्ल उसके उससे शादी की चाहत रखने वाले सिरफिरे की माँ ने की है.
मां के खिलाफ क़त्ल का केस दर्ज कर शुरू कर दी तफ्तीश
वारदात के बाद से क़त्ल की आरोपी सिरफिरे की माँ अपने पूरे परिवार के साथ फरार है. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में कथित प्रेमी और उसकी माँ के खिलाफ क़त्ल का केस दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है. फिलहाल अभी किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.
इलाहाबाद के अटाला मुहल्ले में रहने वाले नौशाद आलम के घर मातम पसरा हुआ है. हर आंखें नम हैं और किसी को भी यह यकीन नहीं हो रहा है कि परिवार में सबकी लाडली और बला की खूबसूरत निकहत परवीन अब इस दुनिया में नहीं है. उसे मौत के घाट उतार दिया गया है.
मोहल्ले का लड़का निकहत से करता था इकतरफा इश्क
इतना ही नहीं उसकी ख़ूबसूरती ही उसकी ज़िंदगी पर भारी पड़ गयी और उम्र के 19वें बरस में ही मौत का सबब बन गई. चार भाई बहनों में दूसरे नंबर की निकहत बारहवीं क्लास की छात्रा थी. दरअसल मोहल्ले का आदिल नाम का लड़का निकहत से इकतरफा इश्क करता था.
आदिल की ख्वाहिश पर उसके परिवार वाले भी निकहत को बहू बनाना चाहते थे. निकहत और उसके परिवार वालों को इस रिश्ते पर कभी एतराज भी नहीं था. कुछ महीनों पहले एक हादसे में आदिल की टांग टूट गई और वह अपने पैरों पर पूरी तरह ठीक से चलने से लाचार हो गया तो निकहत का मन बदल गया. वह आदिल और उसके परिवार से दूरी बनाने लगी. आदिल और उसकी माँ ज़ोहरा हर कीमत पर निकहत को पाना चाहते थे.
कुछ देर बाद ही उसने तोड़ दिया दम
आरोप है कि निकहत के परिवार वालों पर दबाव डालने के लिए आदिल की मां ज़ोहरा बुधवार की शाम को उनके घर गई. बातचीत के दौरान निकहत ने हादसे के चलते आदिल से शादी करने से इंकार कर दिया.
आरोप है कि निकहत के इंकार करते ही आदिल की माँ जोहरा गुस्से में आग बबूला हो गई और उसने निकहत को उसके घर की तीसरी मंजिल से नीचे सड़क पर फेंक दिया. मौके पर मौजूद निकहत की छोटी बहन आशिया ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सकी. परिवार औऱ पड़ोस के लोग निकहत को अस्पताल ले गए, लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया.
मां के खिलाफ क़त्ल का केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक़ निकहत को तीसरी मंज़िल से नीचे फेंककर मौत के घाट उतारने के बाद निकहत को फेकने के बाद ज़ोहरा बेगम बेटे आदिल व परिवार के दूसरे लोगों के साथ फरार हो गईं. निकहत के परिवार वालों की शिकायत पर इलाहाबाद पुलिस ने कथित प्रेमी आदिल और उसकी माँ के खिलाफ क़त्ल का केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.
निकहत के परिवार वालों का आरोप है कि आदिल और उसकी माँ शादी से इंकार करने निकहत पर पर तेज़ाब डालने की धमकी भी दे चुके थे. पुलिस का भी यही मानना है कि शादी से इंकार की वजह से निकहत की मौत का सबब बनी है. हालांकि अफसरों का यह दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
























