BSP सुप्रीमो मायावती ने कहा- भतीजे आकाश को पार्टी के आंदोलन से जोड़ेंगे
बीएसपी सुप्रीमों मायावती ने अपने भतीजे आकाश को अब बीएसपी मूवमेंट से जोड़ने का एलान कर दिया है.

लखनऊ: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश को अब बीएसपी मूवमेंट से जोड़ने का एलान कर दिया है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की घोषणा की. बता दें कि हाल के दिनों में उनके भतीजे आकाश को उनके साथ कई बार देखे जाने को लेकर मीडिया में कयास लगाए जा रहे थे वह जल्द आकाश को राजनीति में ला सकती हैं.
बीएसपी सुप्रीमो ने कहा,'' बीएसपी परिवारवाद की पार्टी नहीं है. मैने पार्टी के अधिकांश लोगों की सलाह पर ही आनंद कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था. लेकिन मुझ पर परिवारवाद का जरा भी आरोप न लगे इसलिए उन्होंने पिछले दिनों इस्तीफा देने की बात कही. उन्होंने कहा कि बिना पद के भी वह पार्टी के लिए काम करेंगे. इस्तीफे के बाद उन्होंने और उनके परिवार ने और तत्परता से पार्टी के आंदोलन को आगे बढ़ाया.''
बीएसपी सुप्रीमो ने आगे कहा, ''मेरे जन्मदिन पर आनंद कुमार के बेटे आकाश को मेरे साथ दिखने पर उसको सस्ती राजनीति का शिकार बनाने का षडयंत्र किया गया. यह निंदनीय है.''
BSP chief Mayawati: I will make Akash (her nephew) join BSP’s movement and give him a chance to learn. pic.twitter.com/WxT7Dj2xu6
— ANI (@ANI) January 17, 2019
मायावती ने आगे कहा,''देश में जातिवादी और दलित विरोधी मानसिकता वाली पार्टियों को सपा-बसपा गठबंधन से बौखलाहट और सत्ता हाथ से जाने का डर है. अगर वो लोग संकीर्ण राजनीति पर आ गए हैं तो उसका मुहतोड़ जवाब देना भी हमे आता है. जैसे को तैसा जवाब देने के लिए आगे आवश्य ही मैं आकाश को बीएसपी मूवमेंट से जोड़कर, उसे संघर्ष से जोड़ने का अवसर जरूर प्रदान करूंगी. इससे अगर किसी दलित विरोधी या जातिवादी मानसिकता विरोधियों को तकलीफ होती है तो हमारी पार्टी को कोई दुख नहीं.''


















