बिहार: सारण जिले में एसआईटी टीम पर अपराधियों ने की अंधाधुंध गोलीबारी, सब इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी की मौत
अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग में एसआईटी टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मिथलेश साह और एक सिपाही मो. अफरोज की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के वरीय पुलिस अधिकारी जांच में जुट गए हैं.

सारण: बिहार में अपराधियों के भीतर पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है. ताजा मामला बिहार के सारण जिले का है जहां छापेमारी कर लौट रही एसआईटी टीम पर अपराधियों ने हमला बोल दिया. सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मढ़ौरा मुख्य बाजार स्थित शिव पार्वती शो रूम के पास अपराधियों ने एसआईटी टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. अपराधियों के गोलीबारी में एक सब इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि तीसरे पुलिस कर्मी को गम्भीर हालत में पटना रेफर किया गया है.
अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग में एसआईटी टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मिथलेश साह सहित और एक सिपाही मो. अफरोज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि विशेष रूप से जख्मी सिपाही को सदर अस्पताल से उपचार कर गम्भीर अवस्था में पटना रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुटी हुईं हैं. घटना के बाद मढ़ौरा में अफरातफरी माहौल उत्पन्न हो गया. देखते ही देखते पूरा बाजार बंद हो गया. घटना के बाद पूरा मढ़ौरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है.
जानकारी के अनुसार एसआईटी टीम प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मिथलेश कुमार साह अपने टीम के साथ कहीं से छापेमारी कर बोलेरो गाड़ी से लौट रहे थे. तभी मढ़ौरा मुख्य बाजार में शिव पार्वती वस्त्रालय के नजदीक अपराधियों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इसमें एसआईटी के सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही की मौत हो गई. जख्मी हवलदार रजनीश पटना रेफर कर दिया गया.
अपराधियों ने अत्याधुनिक हथियार से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे बाजार में दहशत मच गई. दुकानदार अपनी दुकान बंद कर भाग गए. जिले के अधिकारी समेत वरीय अधिकारी घटना स्थल पर पहुचकर जांच में जुट गये हैं.






















