रामपुर: समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, नोटिस भी चस्पा
सपा सांसद आजम खान इन दिनों परेशानी में हैं. उन पर अभी तक करीब 80 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं. अब उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है.

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और रामपुर के सांसद आजम खान के खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी हुआ है. इस बात की पुष्टि रामपुर एसपी अजयपाल शर्मा ने की. आजम खान के घर के बाहर सीजेएम कोर्ट का नोटिस भी चिपकाया गया है. इस नोटिस में आजम खान को 11 सितंबर को कोर्ट में पेश होने को कहा गया है. वहीं रामपुर की जिला अदालत ने आजम खान को अग्रिम जमानत देने से इंकार कर दिया है.
हाल ही में उनके लक्जरी रिजॉर्ट में बिजली और पानी की चोरी भी पकड़ी गई. इससे पहले इसी रिजॉर्ट के लिए सिंचाई विभाग की जमीन कब्जाने का मामला भी सामने आया था. जिसके बाद प्रशासन ने एक दीवार को गिरा दिया था. इस दीवार से पुरानी ईंटे निकली थीं जिनकी जांच प्रशासन ने कराई थी.
इससे पहले आजम खान पर भैंस चोरी, किताबें चोरी, मूर्ति चोरी जैसे मामले भी दर्ज कराए गए हैं. यही नहीं जबरन जमीनों पर कब्जा करने, पेड़ काटने जैसे मामले भी उन पर दर्ज हैं. करीब 80 केस आजम खान के खिलाफ दर्ज किए जा चुके हैं.
उन्हें भूमाफिया घोषित किया जा चुका है. आजम के समर्थन में सपा नेताओं ने प्रदर्शन भी किया था, अखिलेश यादव ने विरोध भी जताया था और हाल ही में मुलायम सिंह यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी.
फिलहाल आजम खान कहां हैं कोई नहीं जानता लेकिन उन पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है. उनके परिवार के लोग और समाजवादी पार्टी के नेता सत्ताधारी बीजेपी पर आरोप लगा रहे हैं लेकिन बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
Source: IOCL
























