Punjab Congress Crisis Live: कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म, नए सीएम का फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ा गया
Punjab Congress Crisis Live: कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने कहा कि वे फिलहाल कांग्रेस में हैं. पंजाब से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए बने रहिए एबीपी न्यूज़ के साथ.

Background
Punjab Congress Crisis Live: आज पंजाब कांग्रेस के लिए बड़ा दिन है. कांग्रेस आलाकमान के आदेश पर आज शाम 5 बजे चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में सभी विधायकों को शामिल होने को कहा गया है. सियासी गलियारों में इसे कैप्टन की अग्निपरीक्षा कहा जा रहा है. खबर है कि कांग्रेस आलाकमान ने सीएम अमरिंदर सिंह से मुख्यमंत्री पद छोड़ने को कहा है. पंजाब की राजनीति से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए बने रहिए एबीपी न्यूज़ के साथ.
आज हो सकता है अमरिंदर के भविष्य पर फैसला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के साथ आज आलाकमान के नियुक्त दो पर्यवेक्षक भी बैठक में मौजदू रहेंगे. माना जा रहा है कि आज की कांग्रेस विधायक दल की बैठक में ये फैसला हो जाएगा कि अमरिंदर चुनाव तक पंजाब के सीएम बने रहेंगे या नहीं. इससे पहले हरीश रावत ने कहा था कि आगामी चुनाव कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा. कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू चंडीगढ़ में कांग्रेस भवन पहुंचे.
सुनील जाखड़ के एक ट्वीट से मची खलबली
वहीं, कांग्रेस विधायकों की बैठक से पहले अब प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अपने एक ट्वीट से खलबली मचा दी है. सुनील जाखड़ ने ट्वीट किया है, ‘’राहुल गांधी ने बेहद उलझी हुई गुत्थी के पंजाबी संस्करण के समाधान का रास्ता निकाल लिया है. आश्चर्यजनक ढंग से नेतृत्व के इस साहसिक फैसले से न सिर्फ पंजाब कांग्रेस के झगड़े को खत्म किया गया है, बल्कि इससे कार्यकर्ता भी खुश हो गए हैं. इसने अकालियों की बुनियाद हिला दी है’’
कांग्रेस में नए सीएम की घोषणा कब तक?
कांग्रेस के पर्यवेक्षक चंडीगढ़ में रहेंगे और पंजाब के अगले मुख्यमंत्री को आज रात/कल सुबह तक अंतिम रूप दिया जाएगा. इस पद के लिए सुनील जाखड़ फ्रंट रनर हैं. उनके अलावा अंबिका सोनी और विजय इंदर सिंगला भी रेस में हैं. लेकिन कांग्रेस उनके (नए सीएम) नेतृत्व में अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी. सूत्रों ने इस बात की जानकारी की.
कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म
चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है. नए सीएम का फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ा गया है. पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने इस बात की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में दो प्रस्ताव पास हुए. दोनों प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में अच्छे से सरकार चलाई.




















