जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर हमला, कहा- वह बोल रहे हैं पाकिस्तान की भाषा
महाराष्ट्र के जालना में एक रैली को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.

जालना (महाराष्ट्र): भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कश्मीर को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं. नड्डा महाराष्ट्र के जालना में पार्टी के चुनाव से पहले संपर्क अभियान 'महा जनादेश यात्रा' को संबोधित कर रहे थे. इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी मौजूद थे.
नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कश्मीर पर उनके बयान का पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में इस्तेमाल किया. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.’’
नड्डा ने कहा, ‘‘अब वह पीछे हट गए हैं और कह रहे हैं कि जम्मू कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है और इसमें किसी भी दूसरे देश के दखल की कोई गुंजाइश नहीं है। वह इतने लंबे समय से खामोश क्यों थे?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कश्मीर मुद्दे के साथ-साथ तीन तलाक मुद्दे पर तुष्टिकरण की नीति अपना रही है.
सत्यपाल मलिक का राहुल गांधी पर निशाना, कहा- उन्होंने राजनीतिक नौसिखिए की तरह बर्ताव किया
























