GVMC चुनाव के नतीजों से खुलेगा सियासी तस्वीर का राज, वोटों की गिनती जारी
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में GVMC के दूसरे आम चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. आंध्र विश्वविद्यालय में 113 हॉल और 1,507 टेबल पर वोटों की गिनती हो रही है.

ग्रेटर विशाखापत्तनम नगर निगम (GVMC) के दूसरे आम चुनावों के लिए वोटों की गिनती मंगलवार सुबह 8 बजे आंध्र यूनिवर्सिटी परिसर में बनाए गए केंद्रों पर शुरू हो चुकी है. इन नतीजों से निगम के 120 वार्डों के प्रतिनिधियों और विशाखापत्तनम के अगले मेयर का फैसला होगा.
चुनाव 1 नवंबर को हुए थे, जबकि जहां जरूरत पड़ी, वहां 2 नवंबर को दोबारा मतदान (रीपोलिंग) कराया गया. वोटों की गिनती चुनाव अधिकारियों की देखरेख में हो रही है और केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
मतगणना की व्यवस्था
जिला चुनाव अधिकारियों के अनुसार, गिनती की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. विशाखापत्तनम के आंध्र यूनिवर्सिटी परिसर को मतगणना स्थल बनाया गया है. यूनिवर्सिटी 10 ब्लॉक मिलाकर कुल 113 हॉल में गिनती की प्रक्रिया शुरू की गई है. इसके लिए 1,507 टेबल, 5000 कर्मचारी तैनात किए गए हैं. अधिकारियों का लक्ष्य है कि अधिकतम दो राउंड में गिनती पूरी की जाए. मेयर और वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए इस्तेमाल किए गए मतपत्रों (बैलेट पेपर) की गिनती अलग-अलग की जा रही है. इसमें पोस्टल बैलेट भी शामिल हैं. मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के लिए 3 लेवल व्यवस्था की गई है.
GVMC चुनाव में मतदान
GVMC चुनाव कुल 18,37,901 पंजीकृत मतदाताओं में से 10,35,154 मतदाताओं ने अपने वोट डाले. इस दौरान 56.32 फीसदी मतदान हुआ है. भीमुनिपटनम में सबसे ज़्यादा मतदान हुआ, जबकि उत्तर ज़ोन में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया. 2021 के GVMC चुनावों में मतदान प्रतिशत 59.41 फीसदी था.
कितने वार्डों की गिनती हो रही है?
GVMC चुनाव में 120 वार्ड शामिल हैं, जबकि 2021 के चुनाव में 98 वार्ड थे. 120 सदस्यों वाले इस निगम में बहुमत के लिए 61 सीटों की आवश्यकता है. मेयर का पद महिलाओं के लिए आरक्षित है. मेयर का चुनाव एक अलग मतपत्र के जरिए सीधे तौर पर होता है, जबकि डिप्टी मेयर का चुनाव 5-6 नवंबर को नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों की तरफ से अलग से किया जाएगा.






















