राहुल गांधी की PM मोदी को बहस के चैलेंज पर भड़की BJP, कहा- 'जीवन में पहली बार देखा...'
BJP नेता गौरव भाटिया ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है. उन्होंने संविधान की लाल किताब, इरफान अंसारी के बयान और PM मोदी से बहस की चुनौती पर भी निशाना साधा है.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता गौरव भाटिया ने शुक्रवार (6 नवंबर 2026) को कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस भारत को अस्थिर करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर काम कर रही है.
ANI के मुताबिक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाटिया ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि संविधान के प्रावधानों को समझे बिना बस उसकी एक प्रति साथ लेकर घूमना एक दिखावा है. उन्होंने कहा, "संविधान की एक लाल किताब साथ लेकर घूमना, जिसे कभी खोला न गया हो और जिसमें दिए गए प्रावधानों को कभी पढ़ा न गया हो, जो हमारे संविधान निर्माताओं ने तय किए थे यह काफी नहीं है. उनका असली मकसद अराजकता फैलाना है.
गौरव भाटिया ने बीजेपी को लेकर क्या कहा?
गौरव भाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) जनता की सेवा करने और संविधान के मूल मूल्यों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है. हमारी प्रतिबद्धता जनता की सेवा करने, संविधान के मूल मूल्यों की रक्षा करने, यह सुनिश्चित करने में है कि नागरिकों को वे अधिकार मिलें जो संविधान में दिए गए हैं. देश के संसाधनों को नागरिकों के लाभ के लिए सुरक्षित रखने में है." लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को झूठा नैरेटिव फैलाने से रोकना सत्ताधारी सरकार की जिम्मेदारी है.
राहुल गांधी की चुनौती का मजाक
भाटिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शासन और राष्ट्रीय मुद्दों पर खुली बहस करने की राहुल गांधी की चुनौती का मज़ाक उड़ाया. उन्होंने कहा, "वे कहते हैं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चर्चा या बहस करेंगे. मैंने अपनी जिंदगी में कभी ऐसा नहीं देखा कि कोई किंडरगार्टन का छात्र किसी PhD प्रोफेसर को चुनौती दे रहा हो."
भारत के संविधान को तार-तार कर रहे हैं- भाटिया
गौरव भाटिया ने कहा कि हम जब एक ऐसी अराजक विपक्ष को देखते हैं, जो संविधान की मूल भावना को ही नष्ट कर देती है. केवल एक झूठा नैरेटिव फैलाना चाहती है तो यह हमारी जिम्मेदारी बन जाती है कि हम लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने के मकसद से एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करें." इसके अलावा, BJP नेता ने निराशा जताते हुए कहा कि विपक्ष, जिसने संविधान के मूल्यों की रक्षा करने की शपथ ली थी, अब खुद अराजक हो गया है. उन्होंने कहा, "मुझे यह कहते हुए बहुत दुख हो रहा है कि विपक्ष के नेता, जो भारत के संविधान को बनाए रखने और उसकी रक्षा करने की शपथ लेते हैं, वे खुद अराजकता फैलाने वाले बन गए हैं. वे ही लोग हैं जो संविधान की मूल भावना को तार-तार कर रहे हैं."
इरफान अंसारी के बयान पर रिएक्शन
झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी के बयान की भी गौरव भाटिया ने निंदा की. अंसारी ने भारत में बांग्लादेश जैसी अशांति होने की चेतावनी दी थी. इस पर भाटिया ने कहा कि वे धमकी दे रहे हैं कि भारत के हालात बांग्लादेश से भी बदतर हो जाएंगे और सिर्फ राहुल गांधी ने ही युवाओं को रोक रखा है. वरना, पूरे देश में आग लग जाएगी. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्हें भारत की विकास की गति पसंद नहीं है. उन्हें यहां की स्थिरता भी रास नहीं आती.























