बेंगलुरु में CEC ज्ञानेश कुमार का 'मॉक अरेस्ट', SIR के मुद्दे पर सड़कों पर उतरा INDIA ब्लॉक, देखें वीडियो
यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई, माले, और समाजवादी पार्टी के साथ-साथ अन्य दलों, सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से आयोजित किया था. कांग्रेस अब ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन की तैयारी में है.

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बुधवार को इंडिया गठबंधन की पार्टियों ने राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया. सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई. जिस तरीके से पहले विपक्ष ने मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया था ठीक उसी तर्ज पर इस रैली में कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा विरोध जताया. वीडियो फुटेज में पार्टी कार्यकर्ता CEC ज्ञानेश कुमार का 'मॉक अरेस्ट' करते और नाटक के जरिए अपना गुस्सा जाहिर करते नजर आए.
यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई, माले, और समाजवादी पार्टी के साथ-साथ अन्य दलों, सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से आयोजित किया था. इस प्रदर्शन की अध्यक्षता कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके. शिवकुमार, पूर्व सीएम सिद्धारमैया और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने की. रैली में एक्टर प्रकाश राज, सीपीएम के राज्य सचिव प्रकाश के., सीपीआई के राज्य सचिव साथी सुंदरेश, माले के राज्य सचिव क्लिफ्टन डी'रोजारियो, फॉरवर्ड ब्लॉक के अध्यक्ष जे.आर. शिवशंकर और प्रदेश सपा चीफ एन. मंजप्पा भी शामिल हुए.
#WATCH | Bengaluru, Karnataka: The INDIA bloc holds a state-level protest rally at Freedom Park, demanding the immediate resignation of Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar over alleged electoral roll manipulation. Congress leader Dinesh Gundu Rao also present there. https://t.co/myBM2ruNtN
— ANI (@ANI) November 5, 2026
SIR के खिलाफ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन
इसके अलावा सर्वोदय कर्नाटक, एद्डेलु कर्नाटक, दलित संगठनों के महासंघ और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) जैसे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्रीडम पार्क में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. यह प्रदर्शन SIR प्रक्रिया के खिलाफ इंडिया गठबंधन के आंदोलन का ही हिस्सा है. इससे पहले विपक्ष ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन किया था.
ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन की तैयारी
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने बताया कि बेंगलुरु का यह प्रदर्शन 1 नवंबर के दिल्ली आंदोलन का ही अगला कदम है, जिसमें सीपीएम, फॉरवर्ड ब्लॉक, समाजवादी पार्टी और मुस्लिम लीग समेत इंडिया गठबंधन के सभी दलों ने साथ आने पर सहमति जताई थी. उन्होंने कहा, 'इस आंदोलन को अब पूरे कर्नाटक के जिलों और ब्लॉक स्तर तक बढ़ाया जाएगा. पार्टी की सभी जिला यूनिट्स से कहा गया है कि वे ब्लॉक स्तर पर एक साथ विरोध प्रदर्शन आयोजित करें. SIR प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके इस्तीफे की मांग करें.






















