एक्सप्लोरर
स्टांप पेपर घोटाले के मास्टरमाइंड अब्दुल करीम तेलगी का निधन
तेलगी को 2006 में 30 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनायी गयी थी और 202 करोड़ रुपये का भारी भरकम जुर्माना लगाया गया था.

बेंगलुरू: बीस हजार करोड़ के स्टांप पेपर घोटाले के मास्टरमाइंड अब्दुल करीम तेलगी की मल्टीऑर्गन फेलियर होने से बेंगलुरू के अस्पताल में मौत हो गई है. तेलगी को 30 साल की सजा मिली थी और वह 13 साल से बेंगलुरु के अग्रहारा सेंट्रल जेल में था. उस पर 202 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था. पुलिस ने बताया कि 56 साल के तेलगी को कुछ दिन पहले मस्तिष्क ज्वर के साथ विक्टोरिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. उसने अपराह्न करीब तीन बजकर 55 मिनट पर दम तोड़ दिया. डॉक्टरों के मुताबिक कई अंगों के खराब होने के बाद तेलगी को वेंटिलेटर और लाइफ सर्पोट पर रखा गया था और उनकी हालत गंभीर थी. तेलगी को 2006 में 30 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनायी गयी थी और 202 करोड़ रुपये का भारी भरकम जुर्माना लगाया गया था. वह पिछले 16 साल से यहां के केंद्रीय कारागार में बंद था. उसे अरबों रुपये के जाली स्टाम्प पेपर घोटाले के सिलसिले में नवंबर, 2001 में अजमेर में गिरफ्तार किया गया था. तेलगी कई बीमारियों से ग्रस्त था. वह पिछले 20 सालों से मधुमेह और हाइपरटेंशन से भी ग्रस्त था.
और पढ़ें






















