COVID 19: करीब एक महीने से क्रूज़ पोत पर फंसे चालक दल के 146 सदस्य अब मुंबई में उतरेंगे
क्रूज़ एक महीने से ज्यादा समय पहले थाइलैंड से चला था और अब इसपर फंसे चालक दल के सदस्य कल मुंबई पहुंचने वाले हैं.

मुंबई: कोरोना वायरस महामारी के कारण एक क्रूज़ पोत पर फंसे चालक दल के 146 भारतीय सदस्य बृहस्पतिवार को मुंबई में उतरेंगे. यह क्रूज़ एक महीने से ज्यादा समय पहले थाइलैंड से चला था.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में बताया कि पोत- "मैरिला डिस्कवरी" 14 अप्रैल को मुंबई के तट पर पहुंचा था. उनमें से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है.
बयान में बताया गया है कि पोत को 2 से 6 अप्रैल के बीच कोच्चि, न्यू मंगलोर, गोवा और मुंबई जाना था. जब महामारी का प्रकोप शुरू हुआ तो क्रूज़ ने सभी यात्रियों को 14 मार्च को थाइलैंड में ही उतार दिया था.
बयान में कहा गया कि क्रूज़ के कर्मचारियों को कोच्चि में उतरने की इजाजत नहीं दी गई. उसमें कहा गया है " कंपनी ने कहा कि 37 दिन पहले थाइलैंड से रवाना होने के और किसी भी कर्मचारी के संक्रमित नहीं होने के बावजूद पोत को बंदरगाह पर प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी है."
बयान में कहा गया है, " मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और केंद्र के साथ बातचीत के बाद जहाजरानी मंत्रालय ने पोत को मुंबई के बंदरगाह आने इजाजत दे दी." उसमें कहा गया है कि 146 लोगों की कोरोना वायरस की जांच की जाएगी और उन्हें क्वारंटीन में भेजने की जरूरत पड़ी तो एक इमारत को तैयार रखा गया है.
बयान में कहा गया है कि उन्हें घर जाने के लिए ट्रांजिट पास और गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी. उसमें बताया गया है कि क्रूज़ पोत मुंबई से नॉर्वे के लिए रवाना होगा. गृह मंत्रालय ने आदेश के तहत वाणिज्य और पेशेवर पोत के कर्मचारियों को भारत बंदरगाह पर आने और जाने की इजाजत दे दी थी. उसमें कहा गया है केंद्र सरकार के फैसले से समुद्र में फंसे 35,000 से 40,000 भारतीय नाविकों और ऐसे पोतों के कर्मचारियों की मदद होगी.
COVID-19: पिछले 24 घंटों में मुंबई में 232 नए मामले, महाराष्ट्र में अब तक 5649 पॉजिटिव केस
Source: IOCL
























