विदेश यात्रा में पासपोर्ट खो जाए तो क्या करें? अपने पास रखें ये चीजें
विदेश यात्रा के दौरान पासपोर्ट खो जाने पर तुरंत नजदीकी स्थानीय पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराएं. इसके बाद अपने देश के निकटतम भारतीय दूतावास से संपर्क करें.

विदेश घूमने जाना हर किसी के लिए एक शानदार अनुभव होता है, लेकिन इस सफर के दौरान अगर पासपोर्ट खो जाए या चोरी हो जाए, तो यह किसी भी यात्री के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है. पासपोर्ट सिर्फ एक ट्रैवल डॉक्यूमेंट नहीं है, बल्कि विदेशी धरती पर यह भारतीय नागरिक होने की सबसे बड़ी पहचान होता है. ऐसे में अगर यह गुम हो जाए तो घबराने के बजाय सही जानकारी और सही कदम उठाना बेहद जरूरी हो जाता है. जो लोग विदेश यात्रा पर जा रहे हैं, उन्हें पहले से यह पता होना चाहिए कि पासपोर्ट खोने की स्थिति में क्या करना है और कौन-कौन सी चीजें अपने पास रखनी जरूरी हैं.
तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराएं
सबसे पहला और सबसे जरूरी कदम है स्थानीय पुलिस स्टेशन में जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराना. किसी भी देश में पासपोर्ट खोने या चोरी होने पर सबसे पहले वहां की पुलिस को सूचित करना चाहिए और एक लिखित शिकायत यानी FIR या पुलिस रिपोर्ट जरूर बनवानी चाहिए. यह रिपोर्ट आगे की पूरी प्रक्रिया के लिए सबसे अहम दस्तावेज बन जाती है, क्योंकि इसके बिना नया पासपोर्ट या इमरजेंसी ट्रैवल डॉक्यूमेंट बनवाना मुश्किल हो जाता है.
भारतीय दूतावास से संपर्क करें
पुलिस रिपोर्ट बनने के बाद अगला जरूरी कदम है उस देश में मौजूद भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास यानी एंबेसी या कॉन्सुलेट से संपर्क करना. हर देश में भारत का एक दूतावास या कॉन्सुलेट मौजूद होता है, जो ऐसी स्थिति में भारतीय नागरिकों की मदद के लिए काम करता है. वहां जाकर पासपोर्ट खोने की जानकारी देनी होती है, जिसके बाद दूतावास या तो नया पासपोर्ट जारी करता है या फिर तुरंत वापसी के लिए इमरजेंसी सर्टिफिकेट यानी एक अस्थायी ट्रैवल डॉक्यूमेंट बनाकर देता है, जिससे यात्री भारत लौट सके.
यह भी पढ़ें: चीनी के दाम बढ़े, कितनी महंगी हो सकती है मिठाई-कोल्ड ड्रिंक और चाय?
विदेश यात्रा पर जाने से पहले हमेशा अपने पास रखें ये चीजें
इस पूरी प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने के लिए यात्रा से पहले कुछ जरूरी चीजें अपने पास रखना बेहद फायदेमंद साबित होता है. सबसे पहली और सबसे जरूरी चीज है पासपोर्ट की फोटोकॉपी. उसकी एक फोटोकॉपी हमेशा असली पासपोर्ट से अलग बैग में रखनी चाहिए. साथ ही इसकी एक डिजिटल कॉपी भी ईमेल या क्लाउड स्टोरेज में सेव करके रखनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर कहीं से भी इसे एक्सेस किया जा सके.
एक और जरूरी चीज है भारत में रहने वाले परिवार के किसी सदस्य या दोस्त का संपर्क नंबर और पता, ताकि जरूरत पड़ने पर दूतावास या पुलिस उनसे संपर्क कर सके. पासपोर्ट खोने पर जल्दबाजी में कोई गलत कदम उठाने से बचना चाहिए. सबसे भरोसेमंद तरीका यही है कि सीधे स्थानीय पुलिस और भारतीय दूतावास से संपर्क किया जाए, क्योंकि यही दोनों माध्यम आधिकारिक तौर पर यात्री की मदद कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: यहां घरों के नीचे बसा है पूरा शहर, जानें कहां है वह जगह?























