दलेर मेहंदी शराब पीते हैं? सिंगर ने खुद बताया सच
दलेर मेहंदी पर उत्तराखंड के एक इवेंट में मंच पर मंत्री सुबोध उनियाल ने शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाया था. ऐसे में आइए जानते हैं कि क्या दलेर शराब पीते हैं? इस पर उन्होंने खुद अपनी बात रखी थी.

मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी पर हाल ही में उत्तराखंड के एक कार्यक्रम में शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगा था. कार्यक्रम के दौरान ही मंच पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर पर आरोप लगते हुए कहा था कि उन्होंने शराब पी रखी है और वो ठीक से गा भी नहीं पा रहे हैं. अब सवाल ये उठता है कि क्या सच में दलेर मेहंदी शराब पीते हैं? आइए जानते हैं कि इस तरह के मुद्दे पर दलेर मेहंदी ने अपने पुराने इंटरव्यू में क्या कहा था?
उस्ताद ने किया था शराब पीने के लिए मना
साल 2023 में दलेर मेहंदी ने आज तक रेडियो को एक इंटरव्यू दिया था. इसमें उन्होंने बताया था कि वो शराब नहीं पीते हैं. उनके मुताबिक उनके उस्ताद ने बचपन में ही उनके सामने शराब ना पीने की शर्त रख दी थी.
उन्होंने इंटरव्यू में कहा था, 'जब मैं 13 साल का था तब मेरे उस्ताद राहत अली खान ने कहा था कि मैं तुझे तभी सिखाऊंगा कि एक तो तू बाल नहीं कटाएगा बड़ा होकर और तू कभी शराब को हाथ नहीं लगाएगा. मैंने कहा ठीक है उस्ताद जी. अगर मैं पीता तो पता नहीं अब तक क्या हाल हुआ होता. पूरा शरीर मार खा रहा होता. मैं कोई नशा नहीं करता हूं, मुझे चाय का बहुत शौक है, लेकिन ड्रिंक का कोई शौक नहीं है.'
कार्यक्रम में क्या हुआ था?
हाल ही में दलेर उत्तराखंड के टिहरी जिले में कुंजापुरी मेला में परफॉर्म करने गए थे. उनकी परफॉर्मेंस के बीच मंत्री सुबोध ने उन्हें बीच में रोक दिया और मंच पर ही सबके सामने कहने लगे कि वो शराब पीकर आए हुए हैं और सिर्फ लिप-सिंक कर रहे हैं. उन्होंने धार्मिक कार्यक्रम को देखते हुए दलेर से मर्यादा और गरिमा बनाए रखने के लिए भी कहा था.
View this post on Instagram
दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे ये सेलेब्स
दलेर पर लगे आरोप के बाद उनके छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह ने कहा था कि उनके भाई शराब नहीं पीते हैं. दिग्गज सिंगर का शिल्पा शेट्टी, राजपाल यादव, अनुपम खेर, शान, बादशाह, कपिल शर्मा, हर्षदीप कौर सहित कई कलाकारों ने बचाव किया.




















