'मर्डर' पहले डब्बू मलिक को मिली, अनु मलिक ने फ्री ऑफर देकर छीना प्रोजेक्ट, अमाल ने किया खुलासा
सिंगर अमाल मलिक ने हाल ही में चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि उनके पिता डब्बू मलिक को मर्डर के म्यूजिक पर काम करने का मौका मिला था. लेकिन अनु मलिक ने उस प्रोजेक्ट को छीन लिया.

अमाल मलिक ने हाल ही में खुलासा किया कि 2004 की फिल्म मर्डर का म्यूजिक पहले उनके पिता डब्बू मलिक को ऑफर हुआ था. डब्बू इस पर काम शुरू करने वाले ही थे. लेकिन अमाल के अनुसार उनके चाचा अनु मलिक ने प्रोड्यूसर महेश भट्ट से संपर्क कर फिल्म का पूरा म्यूजिक फ्री में करने का ऑफर दे दिया.
इसके बाद ये प्रोजेक्ट डब्बू मलिक की जगह अनु मलिक को मिल गया. अमाल मलिक ने कहा कि अनु मलिक में आग है, लेकिन अगर वही आग अपने ही परिवार को नुकसान पहुंचाने में इस्तेमाल हो तो उसका कोई मतलब नहीं रह जाता.
अमाल पहले भीअपने चाचा के साथ खराब रिश्तों को लेकर खुलकर बात कर चुके हैं. पिछले साल, बिग बॉस 19 के कंटेस्टेंट रहे अमाल ने ये भी आरोप लगाया था कि अनु मलिक की प्रोफेशनल साजिशों की वजह से उनके पिता डब्बू मलिक डिप्रेशन के शिकार हो गए थे.
ये भी पढ़ें:-जैकी भगनानी के 'सिचुएशनशिप' वाले बयान पर रकुल प्रीत सिंह ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- हर बात का रेफरेंस जरूरी है
अमाल मलिक ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में कहा,'मेरे पापा इस इंडस्ट्री के लिए बने ही नहीं हैं. शुरुआत में मर्डर मेरे पापा को ऑफर हुई थी और उन्होंने लगभग रिकॉर्डिंग भी शुरू कर दी थी. अनु मलिक ने मर्डर के लिए शानदार म्यूजिक दिया. लेकिन वो महेश भट्ट के पास गए और कहा,'मैं पूरी फिल्म फ्री में करूंगा, मुझे दे दीजिए.डब्बू को मत लीजिए.'
उन्होंने सलमान खान को भी कॉल करके कहा,'डब्बू को मत लो, मैं बेहतर कंपोजर हूं.' उनमें एक आग है, लेकिन अगर उसी आग में आप अपने परिवार को ही जला रहे हैं..एक कंपोजर के तौर पर मैं उन्हें सलाम करता हूं, लेकिन एक इंसान के तौर पर उतना नहीं.'
अमाल मलिक ने ये भी बताया कि वो बचपन में करीब 10-12 साल की उम्र तक अनु मलिक के परिवार के काफी करीब थे. लेकिन जैसे ही उनके पिता डब्बू मलिक ने म्यूजिक कंपोजर के तौर पर काम शुरू किया, रिश्तों में कॉम्पीटिशन आ गया.
अमाल ने अनु मलिक के बारे में बात करते हुए आगे कहा,'समय के साथ मुझे एहसास हुआ कि उनके लिए इस इंडस्ट्री में कोई मायने नहीं रखता. वो एक वार हॉर्स हैं और उन्हें बस जीतना है. सामने चाहे मैं खड़ा हूं, डब्बू मलिक खड़े हैं या फिर प्रीतम या लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ही क्यों न हों.
ये भी पढ़ें:-Video:फैंस ने की आशिकी 2 री-रिलीज की डिमांड, श्रद्धा कपूर बोलीं- 'मैं प्रोड्यूसर्स को..'
























