राजेश खन्ना की पत्नी की पहचान पाना चाहती थीं अनीता आडवाणी, हाईकोर्ट से मिला तगड़ा झटका
Anita Advani Plea: राजेश खन्ना के साथ लिव-इन में रहीं एक्ट्रेस अनीता आडवाणी को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने उनको कानूनी तौर पर एक्टर की पत्नी के रूप में मान्यता देने से इनकार कर दिया है.

राजेश खन्ना के निधन के बाद उनकी लिव- इन पार्टनर रहीं अनीता आडवाणी की सालों से लंबी कानूनी लड़ाई चल रही थी. अनीता चाहती थीं कि उन्हें कानूनी तौर पर राजेश खन्ना की पत्नी का दर्जा दिया जाए. अब सालों बाद ये कानूनी लड़ाई खत्म होती नजर आ रही है. दरअसल हाईकोर्ट ने अनीता की इस मांग को खारिज कर दिया है.
अनीता को मिला तगड़ा झटका
राजेश खन्ना के निधन से पहले सालों तक अनीता आडवाणी उनके साथ रहती थीं. उनकी देखभाल किया करती थीं. अनीता कहती थीं कि वो राजेश के लिए करवाचौथ का व्रत भी किया करती थीं. ऐसे में एक्टर के निधन के बाद उन्होंने कोर्ट में अपील की थी कि उन्हें एक्टर की कानूनी तौर पर पत्नी होने का दर्जा दिया जाए. इस याचिका को हाईकोर्ट ने बुधवार को यानी 1 अप्रैल को खारिज कर दिया है. अनीता की इस अपील जस्टिस शर्मिला देशमुख की बेंच ने दलीलें सुनने के बाद अस्वीकार कर दिया है. बता दें कि अनीता ने निचली अदालत (डिंडोशी सिविल कोर्ट) के उस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसने उनके केस को तकनीकी आधार पर रद्द कर दिया था.
डिंपल कपाड़िया की हुई जीत
अनीता की इस अपील के खिलाफ डिंपल कपाड़िया, अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना ने चुनौती दी थी. अब हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद डिंपल कपाड़िया और उनके परिवार की जीत हुई है. इससे उन्होंने और पूरे परिवार ने इस लंबी लड़ाई से राहत की सांस ली है. आपको बता दें कि ये मामला साल 2017 से चल रहा था इस पर अब जाकर पूरी तरह से विराम लग पाया है.
डिंपल से हुए अलग, पर नहीं लिया तलाक
राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की शादी 1972 में हुई थी. शादी के बाद दोनों की दो बेटियां, ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना हुईं. लेकिन ये शादी ज्यादा चल नहीं पाई और डिमपल कपाड़िया साल 1980 में अपनी दोनों बेटियों को लेकर राजेश खन्ना के घर को छोड़कर आ गईं. हालांकि दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को खत्म नहीं किया था, यामी कि दोनों ने कभी तलाक नहीं लिया केवल अलग- अलग रहते थे. जिसके बाद राजेश खन्ना अनीता के साथ रिलेशनशिप में आ गए और अनीता उनके घर में ही रहती थीं और उनकी देखभाल किया करती थी.























