Pakistan Police Exam: पाकिस्तान में कैसे बनते हैं दारोगा, वहां किस पैटर्न पर होती है परीक्षा?
भारत की तरह पाकिस्तान में भी पुलिस अधिकारी बनने के लिए लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट से गुजरना पड़ता है. पाकिस्तान में भर्ती के नियम प्रांतों के हिसाब से अलग-अलग होते हैं.

भारत में पुलिस विभाग में दारोगा बनने के लिए सब-इंस्पेक्टर (SI) की भर्ती परीक्षा आयोजित की जाती है. इसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट जैसी प्रक्रियाएं शामिल होती हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पाकिस्तान में दारोगा कैसे बनते हैं? क्या वहां भी भारत की तरह प्रतियोगी परीक्षा आयोजित होती है या फिर भर्ती का कोई अलग तरीका है?
दरअसल पाकिस्तान में भी पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर जैसे पद होते हैं. पाकिस्तान में पुलिस व्यवस्था प्रांतीय स्तर पर संचालित होती है. पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे प्रांतों में पुलिस भर्ती के नियम और चयन प्रक्रिया अलग है. इसलिए पूरे देश के लिए एक जैसा परीक्षा पैटर्न लागू नहीं होता.
पाकिस्तान में सब-इंस्पेक्टर बनने की प्रक्रिया
पाकिस्तान में सब-इंस्पेक्टर बनने के लिए उम्मीदवार को संबंधित प्रांत की भर्ती अधिसूचना में तय शैक्षणिक और शारीरिक योग्यताएं पूरी करनी होती हैं. आमतौर पर ग्रेजुएशन की डिग्री मांगी जाती है. इसके अलावा उम्र, कद, शारीरिक क्षमता और डोमिसाइल से जुड़ी शर्तें भी लागू होती हैं. पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (PPSC) की 2025 की सब-इंस्पेक्टर भर्ती में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम सेकंड डिवीजन में ग्रेजुएशन मांगी गई थी. इस भर्ती में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग आयु और शारीरिक मानक निर्धारित किए गए थे. पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 5 फीट 7 इंच और महिलाओं के लिए 5 फीट 2 इंच रखी गई थी. पुरुषों के लिए सीने की माप का मानक भी निर्धारित था.
MCQ आधारित लिखित परीक्षा
पाकिस्तान में सब-इंस्पेक्टर की भर्ती के लिए संबंधित प्रांत का लोक सेवा आयोग परीक्षा आयोजित करता है. पंजाब में PPSC के जरिए होने वाली भर्ती इसका उदाहरण है. PPSC की 2025 की भर्ती अधिसूचना के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर पद के लिए 100 अंकों के MCQ आधारित पेपर निर्धारित किया गए थे. परीक्षा की अवधि 90 मिनट थी. इसमें अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और जनरल एबिलिटी से जुड़े विषय शामिल थे. सामान्य ज्ञान के अंतर्गत पाकिस्तान से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य, करेंट अफेयर्स, भूगोल, बेसिक मैथ्स, उर्दू और सामान्य विज्ञान जैसे विषयों की जानकारी महत्वपूर्ण होती है.
यह भी पढ़ें: Career Options After 12th: 12वीं के बाद किस कोर्स में मिलती है सबसे ज्यादा सैलरी, किसमें बनाएं करियर?
खैबर पख्तूनख्वा में ASI भर्ती का पैटर्न अलग
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की भर्ती के लिए एक अलग और विस्तृत चयन प्रक्रिया निर्धारित है. यहां सामान्य उम्मीदवारों के लिए इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है. पुरुषों की न्यूनतम लंबाई 5 फीट 7 इंच और महिलाओं की 5 फीट 1 इंच निर्धारित है. फिजिकल टेस्ट में पुरुष उम्मीदवारों को 1600 मीटर की दौड़ 8 मिनट में और महिला उम्मीदवारों को 1000 मीटर की दौड़ 8 मिनट में पूरी करनी होती है. फिजिकल टेस्ट पास करने के बाद लिखित परीक्षा आयोजित होती है. जहां हर विषय में कम से कम 40 परसेंट अंक हासिल करना जरूरी है. लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों का साइकोलॉजिकल टेस्ट और इंटरव्यू भी होता है. इसके बाद मेडिकल जांच और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
सिंध में भी अलग है भर्ती का तरीका
सिंध में पुलिस और संबंधित सरकारी विभागों में भर्ती के लिए सिंध पब्लिक सर्विस कमीशन (SPSC) की भूमिका होती है. यहां असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के एक भर्ती पैटर्न में ग्रेजुएशन की योग्यता निर्धारित की गई थी. SPSC के आधिकारिक सिलेबस के अनुसार ASI की लिखित परीक्षा ग्रेजुएशन स्तर की MCQ आधारित होती है. इसमें अंग्रेजी से 40 परसेंट और सामान्य ज्ञान, पाकिस्तान अफेयर्स तथा करेंट अफेयर्स से 60 परसेंट प्रश्न निर्धारित किए गए थे. लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट और लंबाई-सीने की माप की जाती है.
चयन के बाद मिलती है पुलिस ट्रेनिंग
लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, इंटरव्यू और मेडिकल जांच में सफल होने के बाद उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाता है. इसके बाद उन्हें संबंधित पुलिस ट्रेनिंग संस्थान में प्रशिक्षण दिया जाता है. इस दौरान कानून की जानकारी, अपराध की जांच, पुलिसिंग, हथियारों का इस्तेमाल, अनुशासन और आम नागरिकों के साथ व्यवहार करने का प्रशिक्षण दिया जाता है. ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ही अधिकारी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस विभाग में जिम्मेदारी सौंपी जाती है.
यह भी पढ़ें: Cost Of Studying Abroad: किन देशों में सबसे महंगी है शिक्षा? BA के लिए भी लाखों होते हैं खर्च
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI






















