ऑटो का मिनिमम किराया हुआ दोगुना, 13 साल बाद 25 से 50 रुपए हुआ
तमिलनाडु सरकार ने 13 साल बाद ऑटो का न्यूनतम किराया 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया है. नए नियमों में रात के सफर, घाट वाले रास्तों और इंतजार का शुल्क भी तय किया गया है.

अगर आप तमिलनाडु में ऑटोरिक्शा से सफर करते हैं, तो अब आपकी जेब पर पहले के मुकाबले ज्यादा बोझ पड़ सकती है. राज्य सरकार ने करीब 13 साल बाद ऑटोरिक्शा के किराए में बदलाव किया है. नए नियमों के मुताबिक, अब शुरुआती 1.8 किलोमीटर की यात्रा के लिए यात्रियों को 25 रुपये की जगह 50 रुपये देने होंगे. यानी ऑटो का न्यूनतम किराया सीधे दोगुना हो गया है.
सरकार ने 27 अक्टूबर को नए किराये से जुड़ी अधिसूचना जारी की है. इसमें दिन के सामान्य किराए के अलावा रात में यात्रा करने, घाट वाले रास्तों और ऑटो का इंतजार करने पर लगने वाले शुल्क में भी बदलाव किया गया है. ऐसे में आइए जानते हैं तमिलनाडु में ऑटो नए किराए के बारे में विस्तार से...
तमिलनाडु में ऑटो के नए किराए क्या हैं?
राज्य सरकार की ओर से जारी नई दरों के तहत ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को दूरी और यात्रा के समय के हिसाब से किराया देना होगा. नए किराए की प्रमुख दरें इस प्रकार है.
- न्यूनतम किराया: शुरुआती 1.8 किलोमीटर के लिए 50 रुपये.
- अतिरिक्त दूरी का किराया: हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 25 रुपये.
- घाट वाले रास्तों का किराया: शुरुआती किराया 60 रुपये होगा.
- घाट पर अतिरिक्त शुल्क: हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 30 रुपये.
- रात में सफर: रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच सामान्य किराए का 1.5 गुना देना होगा.
- वेटिंग चार्ज: ऑटो के इंतजार करने पर प्रति मिनट 1 रुपये का शुल्क लगेगा.
3 साल बाद क्यों बदला गया ऑटो का किराया?
तमिलनाडु में ऑटो के किराए में पिछली बार अगस्त 2013 में बदलाव किया गया था. उस समय शुरुआती 1.8 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया 25 रुपये तय किया गया था. इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 12 रुपये देने होते थे.
दरअसल, समय के साथ ऑटो चलाने का खर्च बढ़ने और ड्राइवरों की लागत से जुड़े मुद्दों के बीच सरकार ने किराए में संशोधन किया है. नई दरों में शुरुआती किराया दोगुना कर दिया गया है. इसके साथ ही प्रति किलोमीटर शुल्क, रात में यात्रा और वेटिंग चार्ज के नियमों में भी काफी बदलाव किया गया है.
किन इलाकों में लागू होंगी नई दरें?
नई किराया व्यवस्था चेन्नई महानगर क्षेत्र के साथ तमिलनाडु के दूसरे हिस्सों में चलने वाले कॉन्ट्रैक्ट कैरिज ऑटोरिक्शा पर लागू करने के लिए अधिसूचित की गई है.






















