कमजोर ग्लोबल रुख, सुस्त मांग से सोने के दाम में आई गिरावट
ग्लोबल रुख कमजोर होने की वजह से आज सोने के दाम में गिरावट देखी गई है. हालांकि ये गिरावट सीमित रही है.

नई दिल्लीः लगातार कई दिनों तक चढ़ने के बाद आज सोने के दाम में हल्की गिरावट देखने को मिली है. कमजोर ग्लोबल रुख के बीच सुस्त मांग से दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 25 रुपये गिरकर 31,600 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया.
क्यों आई सोने के दाम में गिरावट कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण कारोबारियों और रिटेल कारोबारियों की कमजोर मांग और ग्लोबल स्तर पर कीमती धातु में कमजोर रुख से यहां सोने के भाव में गिरावट रही.

दिल्ली और ग्लोबल बाजार में सोने के दाम राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 25-25 रुपये टूटकर क्रमश: 31,600 रुपये और 31,450 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा. हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपये प्रति यूनिट पर ही टिकी रही. इससे पहले, बुधवार को सोना 175 रुपये चढ़ा था. ग्लोबल स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.11 फीसदी गिरकर 1204.80 डॉलर प्रति औंस रहा जबकि चांदी 0.07 फीसदी गिरकर 14.23 डॉलर प्रति औंस रही.
चांदी की चमक रही फीकी इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का मैन्यूफैक्चर्रस का उठाव घटने से चांदी भी 10 रुपये गिरकर 37,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी. वहीं, चांदी हाजिर 10 रुपये कमजोर होकर 37,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही और साप्ताहिक डिलीवरी 120 रुपये गिरकर 37,285 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी. हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 72,000 और 73,000 रुपये प्रति सैकड़ा के पूर्व स्तर पर स्थिर पर रहे.
Source: IOCL























