मजबूत ग्लोबल संकेतों, ज्वैलर्स की लिवाली से सोना-चांदी उछले

नई दिल्लीः घरेलू सर्राफा बाजार में आभूषण विक्रेताओं की छिटपुट लिवाली के बीच सकारात्मक वैश्विक संकेतों से सोना छह माह के निम्न स्तर से उबरता हुआ 250 रुपये बढ़कर 29,250 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया.

औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने बढ़ने से चांदी भी 150 रुपये के सुधार के साथ 41,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को छू गई. बाजार सूत्रों ने कहा कि इस वीकेंड इटली के जनमत संग्रह से पहले राजनीतिक अनिश्चितता के संकेतों के बीच मजबूत वैश्विक रख से यहां बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी आई है.
वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में कल के कारोबार में सोना 0.47 फीसदी बढ़कर 1177.10 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 1.46 फीसदी बढ़कर 16.72 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई. सूत्रों के अनुसार घरेलू हाजिर बाजार में चालू शादी विवाह के मौसम की मांग को पूरा करने के लिए ज्वैलर्स की छिटपुट लिवाली से तेजी के रख को समर्थन प्राप्त हुआ.
राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 और 99.5 फीसदी शुद्धता की कीमत 250-250 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 29,250 रुपये और 29,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ है. हालांकि, गिन्नी 24,400 रुपये प्रति 8 ग्राम के पूर्वस्तर पर बनी रही. चांदी हाजिर की कीमत भी 150 रुपये बढ़कर 41,000 रुपये प्रति किग्रा और साप्ताहिक डिलीवरी 275 रुपये की तेजी के साथ 40,325 रुपये प्रति किग्रा रही. दूसरी ओर चांदी सिक्का लिवाली 74,000 रुपये और बिकवाली 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहा.
देश के चार महानगरों के सर्राफा बाजार में आज सोने-चांदी के बंद भाव इस प्रकार रहे हैं. दिल्ली में चांदी 41,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई, मुंबई में 40,900 रुपये प्रति किलो और कोलकाता में 41,070 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई है. दिल्ली में सोना प्रति 10 ग्राम 29,250 रुपये, मुंबई में 28,945 रुपये और कोलकाता में सोना 28,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ है.























