अब गाड़ियों में लगेंगी स्मार्ट हेडलाइट, सामने वाले ड्राइवर को नहीं करेंगी परेशान
रात में ड्राइविंग करते समय सामने से आने वाली गाड़ियों की तेज लाइट कई बार आंखों को चौंधिया देती है. स्मार्ट हेडलाइट तकनीक से यह परेशानी हो जाएगी खत्म. जानते हैं ये कैसे काम करती है.

ड्राइविंग बीम तकनीक एक स्मार्ट हेडलाइट तकनीक है, जिसका इस्तेमाल गाड़ियों में रात के समय सड़क को बेहतर तरीके से रोशन करने के लिए किया जाता है. इसकी खासियत यह है कि यह सड़क पर रोशनी बनाए रखते हुए सामने से आने वाले या आगे चल रहे वाहन के ड्राइवर की आंखों में तेज रोशनी पड़ने से बचाने में मदद करती है. सामान्य हेडलाइट में ड्राइवर को जरूरत के हिसाब से लो बीम और हाई बीम बदलनी पड़ती है, लेकिन ड्राइविंग बीम तकनीक यह काम अपने आप करती है.
इसमें कैमरा, सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट और स्मार्ट LED हेडलाइट्स की मदद ली जाती है. कैमरा सामने से आने वाले वाहनों और आगे चल रही गाड़ियों की पहचान करता है. इसके बाद सिस्टम स्थिति के अनुसार हेडलाइट की रोशनी को एडजस्ट करता है. इससे रात में सड़क पर गाड़ी चलाते समय सामने का रास्ता देखने में मदद मिलती है और दूसरे ड्राइवरों को तेज रोशनी से होने वाली परेशानी कम होती है.
कैसे काम करती है यह टेक्नोलॉजी?
ड्राइविंग बीम तकनीक में कैमरा सड़क पर मौजूद वाहनों और आसपास की स्थिति पर नजर रखता है. कैमरे से मिली जानकारी के आधार पर कंट्रोल यूनिट तय करती है कि हेडलाइट की रोशनी किस दिशा में और कितनी रखनी है. अगर सामने से कोई गाड़ी आती है तो एडवांस ड्राइविंग बीम सिस्टम रोशनी के उस हिस्से को कम या बंद करता है, जो दूसरे ड्राइवर की आंखों में पड़ती है. वहीं, सड़क के बाकी हिस्से में रोशनी बनी रहती है. इससे ड्राइवर को सड़क, मोड़ और आसपास की संभावित बाधाएं देखने में मदद मिलती है. सामान्य ऑटोमैटिक हाई बीम सिस्टम सामने वाहन आने पर हाई बीम को लो बीम में बदलता है, जबकि ड्राइविंग बीम तकनीक रोशनी के अलग-अलग हिस्सों को नियंत्रित करती है.
यह भी पढ़ें : ड्राइव करते हुए लग जाती है नींद, ये ऑटो गैजेट बचाएगा आपकी जान
ड्राइविंग करते समय इन बातों का रखें ध्यान
हेडलाइट कितनी भी आधुनिक हो, रात में गाड़ी चलाते समय सावधानी जरूरी है. सामने से गाड़ी आने पर हाई बीम की जगह लो बीम का इस्तेमाल करें. अपनी गाड़ी की हेडलाइट सही दिशा में सेट रखें और समय-समय पर उसकी जांच कराएं. बारिश, कोहरे या अंधेरी सड़क पर गाड़ी की रफ्तार कम रखें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें. केवल तेज रोशनी पर निर्भर रहने के बजाय सड़क और आसपास के माहौल पर भी ध्यान दें. इन छोटी-छोटी बातों से रात में सफर ज्यादा सुरक्षित बन सकता है.
यह भी पढ़ें : Maruti e Vitara कितनी सुरक्षित? क्रैश टेस्ट में मिले 4 स्टार






















