Bihar News : Katihar में एक के बाद एक कई कौवों की मौत से मचा हड़कंप... इलाके में Bird Flu की दस्तक
बिहार में बर्ड फ्लू की दस्तक ने लोगों की नींद उड़ा दी है. दरभंगा में मृत पाए गए कौवों में एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि के बाद अब कटिहार जिले से बड़ी संख्या में कौवों की मौत की खबर है. कटिहार के कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उप स्वास्थ्य केंद्र के पीछे एक बांसबाड़ी में 100 से अधिक कौवे मरे पाए गए. 100 से ज्यादा कौवों की मौत की सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया. मृत पक्षियों के सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. डॉ. मुकेश ने कहा कि फिलहाल कौवों की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमॉर्टम और लैब जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी. शुरुआती तौर पर यह किसी वायरल बीमारी का मामला लग रहा है.






















