हार्दिक पांड्या के फैन ने तय किया 2400 KM का सफर, मिला खास सरप्राइज
रवि कुमार ने अपने इस लंबे और मुश्किल सफर की पूरी जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो के जरिए शेयर की है. रवि पहले लखनऊ से पैदल चलकर लगभग 1,400 किलोमीटर दूर मुंबई पहुंचे.

हार्दिक पांड्या के एक जबरा फैन ने उनसे मिलने के लिए जो किया, उसने सोशल मीडिया पर सभी को हैरान कर दिया है. उत्तर प्रदेश के रहने वाले रवि कुमार नाम के इस फैन ने अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मुलाकात करने के लिए लगभग 2,400 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर डाला. जब यह फैन हार्दिक पांड्या से मिला, तो स्टार ऑलराउंडर ने न सिर्फ उसकी लगन की तारीफ की, बल्कि उसके रहने और घर वापसी के ट्रेन टिकट का इंतजाम भी कराया.
लखनऊ से मुंबई और फिर बेंगलुरु: 2,400 किमी का सफर
रवि कुमार ने अपने इस लंबे और मुश्किल सफर की पूरी जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो के जरिए शेयर की है. रवि पहले लखनऊ से पैदल चलकर लगभग 1,400 किलोमीटर दूर मुंबई पहुंचे. वहां जाने के बाद उन्हें पता चला कि हार्दिक पांड्या इस वक्त बेंगलुरु में हैं. इतना पैदल चलने के बाद भी रवि ने हिम्मत नहीं हारी और मुंबई से 990 किलोमीटर दूर बेंगलुरु के लिए पैदल ही निकल पड़े.
View this post on Instagram
"क्या सच में 1400 किमी चले?" जब आमने-सामने आए हार्दिक और रवि
सोशल मीडिया पर सामने आए नए वीडियो में रवि और हार्दिक पांड्या की मुलाकात का बेहद भावुक पल दिखाई दे रहा है. हार्दिक ने मुस्कुराते हुए रवि से हाथ मिलाया और उसके हाथ में पकड़े खास पोस्टर को ध्यान से देखा. हार्दिक ने हैरान होकर पूछा, "यह सच में कमाल है! क्या तुम मुझसे मिलने के लिए सच में 1,400 किलोमीटर पैदल चलकर आए हो?" इसके बाद हार्दिक ने पीठ थपथपाकर रवि का हौसला बढ़ाया.
हार्दिक ने जिताया दिल, खुद करवाई घर वापसी की टिकट
मुलाकात सिर्फ बातें करने तक ही सीमित नहीं रही. हार्दिक पांड्या ने रवि की थकान और मेहनत को समझते हुए तुरंत अपने मैनेजर को बुलाया और रवि के घर वापस जाने के लिए ट्रेन टिकट का इंतजाम करने को कहा. इसके बाद हार्दिक ने रवि को गले लगाया और उसकी इस दीवानगी के लिए बधाई दी. इतना ही नहीं, हार्दिक ने रवि के इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करके रेड हार्ट वाला इमोजी भी शेयर किया.
यह भी पढ़ें: फेक टोल मनी मांगने पहुंचा शख्स, ड्राइवर ने कर दी बोलती बंद
सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया प्यार
यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गया है. क्रिकेट फैंस रवि के इस पागलपन और लगन की तारीफ कर रहे हैं, वहीं हार्दिक पांड्या के इस दरियादिल अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया है. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि इतने बड़े स्टार होने के बावजूद हार्दिक का एक आम फैन के प्रति ऐसा व्यवहार सच में काबिले तारीफ है. एक यूजर ने लिखा...भाई फैन हो तो ऐसा. वहीं कुछ यूजर्स को यह तरीका पसंद नहीं आया और उन्होंने लिखा...अजीब बेवकूफी वाली हरकत है, इतनी मेहनत खुद के लिए कर ली होती तो आज तुम हार्दिक की तरह सक्सेसफुल होते.
यह भी पढ़ें: ट्रेन के 3AC कोच में पान वाले ने खोल लिया खोखा, चूना लगाते वीडियो वायरल






















