Best Phone Camera: iPhone 18 Pro पर भारी पड़ा Motorola का यह फोन, कैमरा टेस्ट में इसने मारी बाजी
Best Phone Camera: कैमरे के मामले में अब तक लोग iPhone को ही सबसे आगे मानते थे. लेकिन ताजा ग्लोबल कैमरा टेस्ट में Motorola के एक नए फोन ने iPhone 18 Pro को भी पीछे छोड़ दिया है. जान लें कौन है नंबर 1

Best Phone Camera: जब भी किसी फोन के कैमरे की तारीफ होती है. तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में सबसे पहला नाम एप्पल के आईफोन का ही आता है. लोग आंख बंद करके मान लेते हैं कि फोटो और वीडियो के मामले में आईफोन को कोई भी पीछे नहीं छोड़ सकता. लेकिन इस बार एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. मोटोरोला के नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन मोटोरोला सिग्नेचर 27 (Motorola Signature 27) ने कैमरा क्वालिटी के मामले में सबको चौंकाते हुए आईफोन 18 प्रो (iPhone 18 Pro) को पीछे छोड़ दिया है.
दुनिया भर में स्मार्टफोन कैमरों की परख करने वाली मशहूर वेबसाइट डीएक्सओमार्क (DXOMARK) की ताजा ग्लोबल रैंकिंग में मोटोरोला के इस धांसू फोन ने सीधा दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. फोटो खींचने से लेकर वीडियो बनाने तक हर मोर्चे पर इस फोन ने तगड़ा प्रदर्शन किया है. चलिए आपको बताते हैं कि मोटोरोला के इस फोन ने यह कमाल कैसे किया और रैंकिंग में नंबर वन की कुर्सी पर कौन बैठा है.
मोटोरोला ने आईफोन को पीछे छोड़ा
डीएक्सओमार्क के कड़े कैमरा टेस्ट में मोटोरोला सिग्नेचर 27 ने कुल 173 पॉइंट्स हासिल करके दुनिया भर के टेक प्रेमियों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. इस फोन को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी दोनों ही कैटेगरी में बराबर यानी 173-173 पॉइंट्स का स्कोर मिला है. दूसरी तरफ एप्पल के लेटेस्ट आईफोन 18 प्रो को इस टेस्ट में 172 पॉइंट्स ही मिल सके और वह मोटोरोला से एक पॉइंट पीछे रह गया.
वहीं ओप्पो फाइंड एक्स9 अल्ट्रा (OPPO Find X9 Ultra) 170 पॉइंट्स के साथ इस लिस्ट में और भी नीचे रहा. अब सवाल आता है कि आखिर इस ग्लोबल कैमरा रैंकिंग में नंबर वन की पोजीशन पर किसका कब्जा है. इस लिस्ट में मोटोरोला से आगे सिर्फ हुवावे पुरा 80 अल्ट्रा (Huawei Pura 80 Ultra) है जिसने 175 पॉइंट्स के साथ पूरी दुनिया में पहला स्थान हासिल किया है.

पोर्ट्रेट फोटो और कम रोशनी में कैसा रहा मोटोरोला का प्रदर्शन?
इस कैमरा टेस्ट में मोटोरोला सिग्नेचर 27 के पोर्ट्रेट मोड की सबसे ज्यादा तारीफ की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक इस फोन से खींची गई इंसानों की तस्वीरों में चेहरे का रंग यानी स्किन टोन एकदम नेचुरल दिखता है और चेहरे की बारीक डिटेल्स भी बहुत साफ उभरकर आती हैं. जब आप दोस्तों और परिवार के साथ ग्रुप फोटो लेते हैं तब भी इसका कैमरा अलग-अलग दूरी पर खड़े सभी लोगों को एकदम सटीक फोकस में रखता है.
इसके अलावा 3x ऑप्टिकल जूम और 6x जूम तक फोटो खींचने पर भी पिक्चर क्वालिटी फटती नहीं है और फोटो एकदम क्लियर आती है. रात के समय और कम रोशनी में फोटोग्राफी के मामले में भी इस फोन ने शानदार काम किया है. मुश्किल लाइटिंग होने पर भी यह फोन सही एक्सपोजर और असली रंगों के साथ फोटो क्लिक करता है और तस्वीरों में दाने यानी नॉइज को काफी हद तक कंट्रोल में रखता है. वीडियो बनाते वक्त भी इसका ऑटोफोकस और कलर बैलेंस एकदम स्टेबल रहता है.

फोन का तगड़ा कैमरा हार्डवेयर
मोटोरोला के इस बेहतरीन प्रदर्शन के पीछे इसका तगड़ा कैमरा हार्डवेयर है. कंपनी ने मोटोरोला सिग्नेचर 27 के पिछले हिस्से में तीन कैमरों का सेटअप दिया है. इसमें 50 मेगापिक्सल का सोनी लिटिया 910 (Sony Lytia 910) प्राइमरी सेंसर लगा है. इसके साथ 3x ऑप्टिकल जूम को सपोर्ट करने वाला 200 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है. सेल्फी के लिए भी फोन में 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा और 7000 एमएएच की बड़ी बैटरी मिलती है.
यह भी पढ़ें: Satellite Network: बिना सिम और मोबाइल टावर के भी चलेंगे स्मार्टफोन, जानें कैसे होगी कॉलिंग?
टेस्ट में सामने आईं कुछ कमियां
हालांकि इतनी खूबियों के बावजूद डीएक्सओमार्क ने कैमरे की कुछ मामूली कमियों का भी जिक्र किया है. रिपोर्ट के अनुसार बहुत ज्यादा दूरी पर मौजूद किसी चीज की फोटो जूम करके खींचने पर बारीक डिटेल्स थोड़ी कम हो सकती हैं. इसके अलावा घने अंधेरे में तेजी से हिलते-डुलते सब्जेक्ट की फोटो और वीडियो लेने पर हल्का मोशन ब्लर और नॉइज देखने को मिल सकता है. इसके बावजूद कुल मिलाकर यह कैमरा फोन आईफोन 18 प्रो पर भारी पड़ा है.
यह भी पढ़ें: कैसे काम करता है Where is my train ऐप, ट्रेन से कैसे होता है कनेक्ट?























