UP News: हापुड़ में स्कूल से लौट रहे सिख छात्र पर हमला, डंडों से पीटते हुए गेरी पगड़ी, CCTV में कैद घटना
UP News In Hindi: हापुड़ में स्कूल से आ रहे सिक्ख समुदाय के छात्र की तीन युवकों ने रस्ते में घेर डंडे से जमकर पिटाई की. इस घटना में युवक की पगड़ी गिर गई और उसके सिर से खून बहने लगा.

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में एक स्कूली छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने की वीडियो सामने आई है. जिसमें देखा जा रहा है कि तीन युवक स्कूल से लौट रहे सिक्ख समुदाय के एक युवक को घेर, उसकी लाठी डंडे से जमकर पिटाई कर रहे हैं. इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिस पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की शिकायत घायल युवक के पिता ने एक नामजद युवक सहित दो अज्ञात के खिलाफ नगर कोतवाली में दर्ज कराई है. पुलिस वीडियो के आधार पर हमलावर युवकों की तलाश में जुट गई है.
तीनों युवकों ने डंडे से प्रहार कर गेरी छात्र की पगड़ी
जानकारी के अनुसार हापुड़ की देवलोक कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह का बेटा सरबजीत सिंह बीते दिन स्कूल से पढ़कर घर की ओर वापस जा रहा था, जैसे ही वह रास्ते में पहुंचा, तभी उसे तीन युवकों ने घेर लिया. जिसमें से एक युवक ने डंडे से प्रहार करते हुए सरबजीत के सिर पर तेजी से वार किया, जिससे युवक की पगड़ी गिर गई और उसके सिर से खून बहने लगा. इतना ही नहीं तीनों दबंग युवकों ने बाद में छात्र की बेरहमी से पिटाई भी की, जिसका वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि तीन युवक छात्र सरबजीत के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं.
पिता ने मारपीट के साथ धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाने का भी किया जिक्र
मारपीट में घायल हुए छात्र को उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. छात्र सरबजीत के पिता हरजीत सिंह ने नगर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आयुष उर्फ लकी पुत्र चरण सिंह निवासी पंचशील कॉलोनी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उनके बेटे के साथ न सिर्फ जमकर मारपीट की, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था को भी चोट पहुंचाई है.
घायल छात्र के पिता ने उक्त युवकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई के जाने की मांग को लेकर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 115 (2) और 299 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश करनी शुरू कर दी है.






















