पिता को हुआ शक तो 12 दिन बाद पुलिस ने कब्र से निकलवाया मासूम का शव, पढ़ें- पूरी खबर
17 फरवरी को मोहम्मद रईस का ढाई वर्षीय बेटा अयाज घर से लापता हो गया था. परिजनों को अयाज का शव घर से कुछ ही दूर बने तालाब में मिला, जिसके अगले दिन उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया. मृतक के पिता को पड़ोसी पर शक हुआ तो पूरा मामला ही बदल गया.

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में करीब 12 दिन पहले मासूम की मौत हो जाने के बाद मंगलवार को परिजनों के आरोप पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बीते 10 दिनों से मृतक का पिता बेटे की हत्या की आशंका जताकर थाने के चक्कर काट रहे थे. 10 दिनों बाद शुरू हुई इस कार्रवाई पुलिस के कार्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
परिजनों ने किया अंतिम संस्कार गौरतलब है कि, बीती 17 फरवरी को तकिया निवासी मोहम्मद रईस का ढाई वर्षीय बेटा अयाज शाम चार बजे से घर से लापता हो गया था. लापता होने के कई घंटों बाद तक परिजन बच्चे को खोजते रहे. खोजबीन में लगे परिजनों को अयाज का शव घर से कुछ ही दूर बने तालाब में मिला. जिसके बाद परिजनों ने अगले दिन 18 फरवरी को अयाज का अंतिम संस्कार गांव में ही बने कब्रिस्तान में कर दिया.
पिता ने लगाई इंसाफ की गुहार मृतक के पिता रईस को जब 20 फरवरी को पड़ोस की शहनाज पत्नी मेहंदी हसन पर शक हुआ तो रईस ने शहनाज के खिलाफ थाने में तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की. महमूदाबाद पुलिस की तरफ से प्रार्थना पत्र पर तीन दिनों तक कोई कार्रवाई न होने पर 23 फरवरी को रईस ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई. कप्तान सीतापुर के आदेश पर कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे, तहसीलदार अशोक कुमार के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्र से निकालवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
ये भी पढ़ें:






















