बिजली दर और ट्रैफिक चालान पर सियासत जारी, सपा ने योगी सरकार पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार ने बिजली दर में और नये यातायात चालान नियमों के तहत जुर्माना राशि में मनमाने तरीके से बढ़ोत्तरी की है।

बलिया, एजेंसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि योगी सरकार द्वारा बढ़ाए गए बिजली दर और यातायात चालान को वापस लिए जाने के बाद ही समाजवादी पार्टी विधानमंडल के आगामी विशेष सत्र में भाग लेने पर विचार करेगी।
सरकार पर निशाना साधते हुए चौधरी ने कहा कि योगी सरकार ने बिजली दर में और नये यातायात चालान नियमों के तहत जुर्माना राशि में मनमाने तरीके से बढ़ोत्तरी की है। भाजपा सरकार जनता पर अनावश्यक रूप से थोपे गये इस बढोत्तरी को वापस लेती है, तो ही सपा दो अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानमंडल के विशेष सत्र में भाग लेने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि सपा जनता से जुड़े मसलों को लेकर दो अक्टूबर को गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन करेगी।
सपा के पूर्व नेता शिवपाल यादव की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने को लेकर दी गयी अर्जी के संबंध में सवाल करने पर चौधरी ने कहा कि उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा है। शिवपाल के घर वापसी की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने समानांतर राजनीतिक दल बना लिया और अपना अलग कार्यक्रम चलाने लगे। उन्होंने इस्तीफा भी नहीं दिया है। ऐसे में अर्जी देकर उनकी सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं रह गया है।























