प्रयागराज: फर्जी कागजात बनाकर फाइनेंस कंपनियों से करते थे ठगी, पुलिस ने शातिर गैंग का किया पर्दाफाश
प्रयागराज में पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है जो फर्जी कागजात बनाते थे और इसका प्रयोग कर फाइनेंस कंपनियों से लोन लेते थे

प्रयागराज, एबीपी गंगा। प्रयागराज के सिविल लाइन थाने की पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी तरीके से अलग अलग नामों से कंपनियां बना कर नकली दस्तावेज तैयार करते थे और फाइनेंस कंपनियों से लाखों रुपये की ठगी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने ठगी करने वाले गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में फर्जी आधारकार्ड ,समेत कई अन्य नकली समान बरामद किया है।
प्रयागराज पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोन पास करा कर ठगी करने वाले गैंग के चार शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में नकली मोहर, पैन कार्ड, आधारकार्ड, वोटर आईडी और चेकबुक समेत कई पासबुक और फर्जीवाड़ा करने में इस्तेमाल होने वाली कार बरामद किया है पुलिस के मुताबिक पकड़े गए अभियुक्तों के पास बजाज फाइनेंस के बरामद दस्तावेजों के आधार पर लगभग 56 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा किया है।
फिलहाल पुलिस इस गोरखधंधे में शामिल फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों की मिलीभगत और फर्जी कंपनी बना कर ठगी करने वाले गैंग के अन्य सदस्यों की छानबीन करने की बात कर रही है।























