घर छोड़ने के बहाने दबंगों ने दलित महिला के साथ किया गैंगरेप, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
यूपी के आगरा में दलित महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल कराया है. एसएसपी आगरा मुनिराज के मुताबिक गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में दलित महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. मामला थाना पिनाहट क्षेत्र के एक गांव का है जहां दलित महिला को घर छोड़ने के बहाने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया. एसएसपी आगरा मुनिराज के मुताबिक पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
पैदल लौट रही थी महिला
दलित महिला का आरोप है कि वो अपने पति और बच्चों के साथ मायके लौट रही थी. पिनाहट बाजार में वो किसी काम से रुक गई और पति बच्चों को गांव छोड़ने चले गए. पति दोबारा से महिला को लेने आ रहा था तभी पिनाहट से भदरौली मार्ग पर महिला गांव के लिए अकेली पैदल लौट रही थी. उसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी महिला के पास रुकी.
लोगों ने की छेड़छाड़
स्कॉर्पियो सवार शख्स ने महिला को गाड़ी से गांव तक छोड़ने के लिए कहा. महिला गाड़ी में सवार हो गई जिसमें चालक सहित दो अन्य लोग और सवार थे. पीड़िता का आरोप है कि गांव के रास्ते पर नलकूप वाले स्थान पर शख्स ने गाड़ी रुकवा दी. लोगों ने छेड़छाड़ की और उसे खींचने लगे. विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज भी की गई. गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए.
परिजनों को दी जानकारी
घर पहुंची पीड़ित महिला ने अपने पति और परिजनों को पूरा मामला बताया. जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़ित महिला के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने इस मामले में पीड़ित महिला का मेडिकल कराया है. एसएसपी आगरा मुनिराज के मुताबिक गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
ये भी पढ़ें:
धर्म परिवर्तन के मामले में सामने आया Noida Deaf Society का नाम, हैरान करने वाली है सच्चाई
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL

























