नोएडा पुलिस कमिश्नर बोले, लॉकडाउन में 39 ई-कंपनियों को सामान आपूर्ति की छूट
पुलिस कमिश्नर ने कहा, "इसके पीछे मुख्य मकसद यही था कि किसी भी तरह से आमजन को परेशानी न हो। इसके साथ ही लॉकडाउन कमजोर होने के हालात तभी बनते हैं जब नागरिकों को रोजमर्रा की जरुरत वाली वस्तुएं आसानी से उपलब्ध न हों।

गौतमबुद्ध नगर, आईएएनएस। जिले के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने लॉकडाउन के दौरान पब्लिक और 39 कंपनियों को राहत भरी खबर दी। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर ने कहा, '39 कंपनियों को सामान की डिलीवरी करने की सुविधा दी गयी है। इन्हें लॉकडाउन के दौरान कोई परेशानी न आये। न ही रास्ते में व्यवधान पैदा हो। इसके आदेश भी जिला पुलिस को दे दिये गये हैं।'
पुलिस कमिश्नर ने कहा, "इसके पीछे मुख्य मकसद यही था कि किसी भी तरह से आमजन को परेशानी न हो। इसके साथ ही लॉकडाउन कमजोर होने के हालात तभी बनते हैं जब नागरिकों को रोजमर्रा की जरुरत वाली वस्तुएं आसानी से उपलब्ध न हों। इसी के चलते मैंने 39 ई-कंपनियों को छूट दी है कि वे जरुरत का सामान मुहैया करा सकती हैं।" पुलिस कमिश्नर नोएडा ने आगे कहा, "इन कंपनियों और उनके वेंडर्स के लिए शहर में आने जाने के लिए किसी भी तरह के विशेष पास की आवश्यकता नहीं है। हां इन कंपनियों के कर्मचारियों के पास कंपनी द्वारा जारी परिचय पत्र होना अनिवार्य होगा।"
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने आगे कहा, "जिन कंपनियों के लॉकडाउन में छूट दी गयी है उनमें रिटेल, हेल्थ, डेयरी, कोरियर, रिलाएंश फ्रेश, फ्लिपकार्ट, बिग बाजार, जोमेटो, स्वीगी, अमेजन, नींजा कार्ट, अर्बन क्लैप, मैक्स पैथ, लाल पैथ आदि प्रमुख हैं।" उन्होंने आगे कहा, "परेशानी के इस दौर में सोशल डिस्टेंसिंग सर्वोपरि है। इसके जनमानस और पुलिस दोनो को जागरुक रहना होगा। जनसामान्य को सूचना प्राप्त करने के लिए जिलाधिकारी के नोएडा सेक्टर 27 स्थित कैंप कार्यालय में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।"
आलोक सिंह ने आगे कहा, "आपात स्थिति में 102, 108 और 112 को हर वक्त अलर्ट पर रहने को कहा है। शहर में बैरिकेट लगाकर जांच की जा रही है।" पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, "डीएम कार्यालय में मौजूद नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे मदद के लिए 0120-2544700 और 9870395052 या फिर 8800199955 पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है।"






















