गोरखपुर में BJP नेता की मां और बेटे की हत्या के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे किया मामले का खुलासा
गोरखपुर के तेनुआ गांव में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. छत से गिरने वाले पानी और पेड़ के विवाद की शिकायत पर नाराज पट्टीदारों ने की हत्या.

गोरखपुर के हरपुर-बुदहट थानाक्षेत्र तेनुआ गांव में बीजेपी नेता की वृद्ध मां और डेढ़ साल के इकलौते बेटे की हत्या के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया है. पट्टीदार और उसके परिवार ने मंगलवार की शाम 7 से 8 बजे के बीच इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. इस घटना में गंभीर रूप से घायल बीजेपी नेता की पत्नी और 10 साल की बेटी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत से जूझ रही है. बीती शाम छत से पानी गिरने और पेड़ के विवाद में पट्टीदारी के भाई और उसके परिवार ने ऐसा खूनी तांडव किया, जिसे गांववाले भूल नहीं पा रहे हैं.
24 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा
गोरखपुर के हरपुर-बुदहट थानाक्षेत्र के तेनुआ गांव में दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया. गोरखपुर के एसपी साउथ एके सिंह ने बताया कि पट्टीदार सीताराम शुक्ला और उसके परिवारवालों ने बीजेपी नेता परशुराम शुक्ला की मां 67 वर्षीय मां विमला शुक्ला और डेढ़ साल के इकलौते बेटे मारकण्डेय शुक्ला उर्फ कान्हा उर्फ रौनक की फावड़े से काटकर नृशंस हत्या कर दी. उनकी पत्नी सुषमा शुक्ला और 10 साल की बेटी आकांक्षा उर्फ रिमझिम उर्फ ज्योति को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
चार आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में घटना को अंजाम देने वाले पट्टीदार सीताराम शुक्ला, उसके भाई अंगद शुक्ला, अंगद की पत्नी संगीता शुक्ला, सीताराम शुक्ला की मां उर्मिला शुक्ला बुधवार 28 जुलाई की दोपहर अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया. इनके खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 324, 302, 307 और 34 आईपीसी की तहत मुकदमा पंजीकृत किया था. पुलिस ने मुख्य आरोपी सीताराम शुक्ला की निशानदेही पर फावड़ा और उसमें लगा डंडा झाड़ी से बरामद कर लिया. आरोपियों ने पूर्व नियोजित प्लान के तहत छत से बरसात के पानी गिरने के विवाद में वारदात को अंजाम दिया है.
पट्टीदारों ने फावड़े से की निर्मम हत्या
दोहरे हत्याकांड के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है. गांव के प्रधान रंगनाथ यादव ने बताया कि परशुराम शुक्ला पंजाब में कमाकर घर का खर्च चला रहे थे. उन्होंने बताया कि आर्थिक हालत ठीक नहीं होने की वजह से पट्टीदारों का मन बढ़ गया. जिस तरह से निर्मम तरीके से हत्या की गई है, वो दृश्य दहशत में डाल देने वाला है.
प्रधान रंगनाथ यादव का कहना है कि पट्टीदारों ने बहुत गलत किया है. उनकी माता विमला देवी और डेढ़ साल के बेटे को फावड़े से निर्मम तरीके से गला काटकर हत्या कर दी गई. उनकी पत्नी को पीछे से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. उनका खून अभी तक नहीं रुक रहा है. उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
विवाद की शिकायत करने पर भड़के पट्टीदार
हरपुर-बुदहट थानाक्षेत्र के तेनुआ के रहने वाले बीजेपी किसान मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य परशुराम शुक्ला इकलौते होने की वजह से किसी काम से पंजाब के लुधियाना में काम कर घर का खर्च चलाते रहे हैं. उन्होंने छत से गिरने वाले पानी और पेड़ के विवाद की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की थी. मंगलवार की दोपहर पुलिस की पूछताछ के शाम 7 बजे जब पट्टीदार सीताराम शुक्ला ऑटो चलाकर वापस आया, तो घरवालों ने उसे इसकी जानकारी दी. इसके बाद उसके और उसके परिवार के सिर पर खून सवार हो गया.
उसने और उसके परिवार ने परशुराम शुक्ला के घर पर धावा बोल दिया. परशुराम शुक्ला की 67 वर्षीय मां विमला शुक्ला और डेढ़ साल के बेटे रौनक की फावड़े से सिर और गर्दन पर वार कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी. शाम 7 बजे से 8 बजे के बीच चले इस तांडव में बीच बचाव करने आई परशुराम शुक्ला की पत्नी सुषमा शुक्ला और उनकी 10 साल की बेटी को भी सिर और गर्दन पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.
























